हरियाणा में हिसार के क्रांतिमान पार्क में कल छात्र महापंचायत होगी। जजपा नेताओं ने कहा कि महापंचायत को लेकर एसडीएम कार्यालय में 3 दिन पहले ही कार्यक्रम को लेकर सूचना दे आए थे, मगर वहां से अभी तक कोई ऑब्जेक्शन की सूचना नहीं आई है। अगर, प्रशासन को दिक्कत होती तो हमारे परमिशन लेटर पर जवाब आ जाता। वहीं, पुलिस ने भी कार्यक्रम को लेकर अपनी तैयारी शुरू कर दी है। किसी भी तरह की शांति भंग होने पर पुलिस कड़ी कार्रवाई कर सकती है। ऐसे में अलग-अलग तरह से कार्यक्रम में कितने लोग आ सकते हैं इसकी सूचना एकत्रित की जा रही है। इनसो स्टेट प्रेसिडेंट का कहना है कि एबीवीपी को छोड़कर कल सभी छात्र संगठन एक मंच पर एकत्रित होंगे और बड़ा फैसला करेंगे। क्रांतिमान पार्क में तैयारी के विजुअल्स… प्रशासन को इनसो की चेतावनी इनसो स्टेट प्रेसिडेंट दीपक मलिक का कहना है कि कल के कार्यक्रम को लेकर एसडीएम को हम तीन दिन पहले ही लिखकर दे चुके हैं। अब शाम तक हमारे पास प्रशासन की तरफ से कार्यक्रम ना करने को लेकर कोई सूचना नहीं आई है। हम शांतिपूर्वक अपना कार्यक्रम करेंगे अगर प्रशासन ने इस कार्यक्रम में कोई कोताही बरती तो उसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। सरकार स्टूडेंट्स पर राजनीतिक विचारधार थौंप रही दरअसल, जेजेपी के छात्र संगठन इनसो का कहना है कि यूनिवर्सिटी में हरियाणा की बीजेपी सरकार विद्यार्थियों पर अपनी राजनीतिक विचारधारा थौंप रही है। कैंपस में एबीवीपी के कार्यक्रम करने को तो मंजूरी मिल जाती है। कैंपस में एक ही विचारधारा का प्रसार प्रचार चल रहा है। इसको लेकर इनसो ने दिग्विजय चौटाला के नेतृत्व में गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन किया था। लेकिन प्रदर्शन हिंसक होने के बाद छात्रों व जजपा नेताओं पर केस दर्ज कर लिए गए। इसके बाद दुष्यंत चौटाला का काफिला रोकने के बाद विवाद और बढ़ गया। जिसके बाद जजपा की तरफ से छात्र महापंचायत करने का फैसला लिया गया। कल 27 अप्रैल को सुबह 10 बजे छात्र महापंचायत का समय रख गया है। छात्र हित महापंचायत को 15 छात्र संगठनों ने दिया समर्थन गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय हिसार में छात्रों पर हुए अत्याचार के विरोध में प्रदेशभर के छात्र संगठन एक हो गए हैं। इस संबंध में आज हिसार में संयुक्त छात्र मोर्चा की बैठक हुई। बैठक में शासन प्रशासन के दमनकारी निर्णयों की कड़ी निंदा की गई। साथ ही 27 अप्रैल को हिसार में होने वाली छात्र हित महापंचायत में बढ़ चढ़कर भाग लेने का निर्णय लिया गया। आज की बैठक में इनसो के प्रदेशाध्यक्ष दीपक मलिक, एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष रोहित दलाल, प्रदेश सचिव अर्जुन सिंह, डॉ. अम्बेडकर स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के पूर्व प्रधान संजू बौद्ध, प्रोग्रेसिव स्टूडेंट फ्रंट के प्रदेशाध्यक्ष सतीश, छात्र नेता मनोज सिवाच, आम आदमी पार्टी की स्टूडेंट विंग एएसएपी के प्रदेशाध्यक्ष दीपक धनखड़, छात्र एकता मोर्चा, अंबेडकर मिशनरी विद्यार्थी एसोसिएशन के सुरेन्द्र पंवार, एसएफआई, इंकलाब स्टूडेंट फेडरेशन, इंडिपेंडेंट यूथ फ्रंट, छात्र एकता मंच, ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट आर्गेनाईजशन के प्रतिनिधियों ने शिरकत की। पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में उतरे दुर्जनपुर ग्रामीण, महापंचायत का आह्वान हिसार के गांव दुर्जनपुर में 16-17 अप्रैल की रात विजेंद्र धानक के घर हुई पुलिस छापेमारी के खिलाफ ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि सीआईए पुलिस ने घर में घुसकर न केवल तोड़फोड़ की, बल्कि मासूम बच्चियों को भी डराया-धमकाया। इस घटना के विरोध में आयोजित विशाल पंचायत में ग्रामीणों ने इसे पूरे समाज के सम्मान पर चोट बताया। पंचायत ने निर्णय लिया है कि भविष्य में पुलिस को गांव में आने से पहले स्थानीय जनप्रतिनिधियों को सूचित करना होगा। इस संबंध में आईजी और एसपी को पत्र भी लिखा जाएगा। विजेंद्र धानक ने इसे ‘आत्मसम्मान की लड़ाई’ करार देते हुए 27 अप्रैल को हिसार के क्रांतिमान पार्क में आयोजित होने वाली छात्र महापंचायत में शामिल होने का आह्वान किया है।
हिसार में छात्र महापंचायत की तैयारियां पूरी:कल क्रांतिमान पार्क में जुटेंगे हजारों लोग, सभी छात्र संगठन एक मंच पर आएंगे
