निवेश घोटाला और डिजिटल अरेस्ट करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना को सीआईडी ने किया गिरफ्तार

Spread the love

सीआईडी के साइबर क्राइम डीएसपी नेहा बाला ने शुक्रवार को बताया बताया कि चार जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में स्थित ओलिव गार्डन होटल में एक संगठित साइबर गिरोह इकट्ठा हुआ है। यह गिरोह चीनी ठगों के साथ मिलकर म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल करके अवैध लेनदेन करता था।

इस जानकारी के आधार पर सीआईडी ने कार्रवाई करते हुए उसी दिन गिरोह के सात एजेंट को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। गिरफ्तार किए गए लोगों के नाम कुमार दीपक, कुमार सौरभ, प्रभात कुमार, लखन चौरसिया, शिवम कुमार, अनिल कुमार और प्रदीप कुमार थे।

उन्होंने बताया कि इसी बीच शुक्रवार को सीआईडी को फिर से गुप्त सूचना मिली कि इस गिरोह का मुख्य सरगना सन्नी यादव जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में मौजूद है। त्वरित कार्रवाई करते हुए सीआईडी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सन्नी यादव के पास से मिले बैंक खातों की जांच करने पर पता चला कि इन खातों का इस्तेमाल कई राज्यों में हुई ठगी की वारदातों में किया गया है। इसके पास से एक मोबाइल, दो सिम, तीन एटीएम, एक पासबुक और 32 हजार 500 रुपये नकद बरामद किये गये हैं।