हरियाणा के सिरसा में पंजाब के एक्साइज डिपार्टमेंट के एक इंस्पेक्टर का शव कार में पड़ा मिला। यह कार डबवाली के पास अमृतसर-जामनगर भारतमाला रोड पर हाईवे किनारे खड़ी थी। काफी देर तक कार में कोई हलचल नहीं होने पर आसपास के लोगों ने मौके पर जाकर देखा। जांच करने पर इंस्पेक्टर फ्रंट की दोनों सीटों के बीच फंसे हुए मिले। सीट बेल्ट उनके पेट पर कसी हुई थी और पास में ही सरकारी पिस्टल पड़ी थी। सूचना मिलते ही डबवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मोबाइल नंबर और आईडी कार्ड के आधार पर पुलिस ने परिवार को सूचना दी। वहीं, परिवार ने घटना पर शक जताते हुए कहा कि इंस्पेक्टर अपनी तैनाती स्थल से करीब 200 किलोमीटर दूर यहां कैसे पहुंचे, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही इंस्पेक्टर की पिस्टल को भी जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है। कॉल डिटेल आदि के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इंस्पेक्टर यहां कैसे पहुंचे। विभाग से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… परिवार ने जताया शक, डबवाली कैसे पहुंचा पारिवारिक सदस्यों ने कर्मजीत के डबवाली पहुंचने को लेकर संदेह व्यक्त किया है। परिवार का कहना है कि मोगा और डबवाली की दूरी करीब 200 किलोमीटर है। ऐसे में यहां अकेले आना मुमकिन नहीं और न ही कोई सूचना दी। बताया कि मृतक अपने पीछे दो बेटों को छोड़ गया है। पुलिस मान रही हार्टअटैक, शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शहर थाना पुलिस से ASI सुखदेव सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। वास्तविक स्थिति पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा में कार में मिला पंजाब के इंस्पेक्टर का शव:सीटों के बीच फंसा था, पास में पिस्टल पड़ी थी; परिवार बोला-200KM दूर कैसे पहुंचे
