बहादुरगढ़ में अवैध संबंधों के शक में युवक की हत्या:मांडोठी गांव में वारदात; महिला के परिजनों पर हमला करने का आरोप

Spread the love

झज्जर जिले के बहादुरगढ़ के आसौदा थाना क्षेत्र के गांव मांडोठी में कथित अवैध संबंधों के शक में एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में कई आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार गांव मांडोठी निवासी पूर्ण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके भाई कृष्ण के गांव की ही एक महिला के साथ कथित अवैध संबंध थे। इसी बात को लेकर महिला के परिजनों के साथ लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। घटना कैसे हुई आरोप है कि देर रात कृष्ण महिला के घर पर था। सुबह करीब चार बजे जैसे ही वह घर से बाहर निकला, तभी महिला के परिजनों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में कृष्ण गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों के अनुसार आरोपी उसे मौके पर ही अधमरा छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही परिजन घायल कृष्ण को तुरंत सामान्य अस्पताल बहादुरगढ़ लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया। इलाज के दौरान कृष्ण ने दम तोड़ दिया। पुलिस का बयान मांडोठी चौकी इंचार्ज सुनील कुमार ने बताया प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक कृष्ण का गांव की एक विधवा महिला के साथ लंबे समय से संपर्क था। घटना वाली रात वह महिला के घर पर था। सुबह करीब चार बजे बाहर निकलते ही महिला के परिजनों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।” आसौदा थाना प्रभारी नरेश कुमार ने कहा शिकायत के आधार पर कई आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।” पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है