कानपुर में लेक्चरर की पत्नी का मर्डर-लूटकांड में पुलिस खुलासे के करीब पहुंच गई है। पुलिस की जांच नौकरानी के इर्द-गिर्द घूम रही है। पुलिस ने नौकरानी ऊषा और उसकी भांजी समेत छह लोगों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ कर रही है। डीसीपी वेस्ट का दावा है कि जल्द ही मर्डर केस का खुलासा करेंगे। पुलिस नौकरानी और उसके परिवार के संदिग्धों की लोकेशन, कॉल डिटेल समेत अन्य सबूतों की जांच कर रही है। तस्दीक होते ही मर्डर और लूटकांड का खुलासा करेगी। इसके साथ ही शुक्रवार को मृतक निर्मला सिंह का पोस्टमॉर्टम किया गया। देर रात निर्मला का बेटा प्रसून, बेटी पूजा, प्राची और दामाद शिवम कानपुर पहुंचे। दामाद शिवम ने नौकरानी पर शक जताते हुए कहा कि उसे घर की पूरी जानकारी थी। हमलावरों ने दो मंजिला मकान में उसी जगह पर अटैक किया, जहां जेवरात रखे हुए थे। शिवम ने बताया कि साली पूजा की शादी नवंबर में लखनऊ के साफ्टवेयर इंजीनियर सूर्य से तय हुई थी, जिसके लिए निर्मला ने हाल ही में 6 से 7 लाख रुपए के जेवरात खरीदे थे। घटना में किसी करीबी का ही हाथ जेवरात जिस लॉकर में रखे थे, उसी स्थान को लुटेरों को निशाना बनाया, ऐसे में माना जा रहा है कि घटना में किसी करीबी का ही हाथ है। एचपीसीएल गुड़गांव में सेल्स ऑफिसर के पद पर तैनात दामाद शिवम ने बताया कि दो दिन पहले उनकी सास निर्मला से वीडियो कॉल पर बात हुई थी। जिस पर उन्होंने बताया था कि कोलकाता निवासी भतीजी सोनी की शादी की तैयारियों में व्यस्त होने की जानकारी दी थी। शिवम ने बताया कि उनकी सास को सर्वाइल की बीमारी थी, जिसकी वह फिजियोथेरेपी कराने जाती थी, जिस पर उन्होंने बताया था कि थेरेपी से उन्हें काफी आराम है। जेवरात और कैश समेत 10 लाख से ज्यादा की लूट आवास विकास-1 मकान नंबर एच-1624 कल्याणपुर में रिटायर लेक्चरर हरेन्द्र कुमार सिंह की पत्नी निर्मला (53) का 24 अप्रैल को मर्डर करने के बाद घर में लाखों की लूटपाट की गई थी। बदमाश घर में रखा जेवरात और कैश समेत 10 लाख से ज्यादा का माल समेट ले गया। परिवार के लोगों ने मामले में कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले की जांच कर रही कल्याणपुर पुलिस ने संदेह के आधार पर नौकरानी ऊषा और एसी मैकेनिक को उठाया। पूछताछ के बाद दोनों मैकेनिक को छोड़ दिया गया, लेकिन ऊषा कई सवालों में उलझ गई। पूछताछ में सामने आया कि ऊषा की भांजी नीतू पहले हरेन्द्र के यहां झाड़ू-पोछा और बर्तन का काम करती थी, इसके बाद उसने ऊषा को अपनी जगह हरेन्द्र के यहां काम दिलवा दिया था। तब से ऊषा ही लगातार काम कर रही है। पुलिस ने संदेह के आधार पर ऊषा और उसकी भांजी नीतू, पति समेत परिवार के छह लोगों को हिरासत में लिया है। इन सभी की कॉल डिटेल, लोकेशन समेत अन्य चीजों की जांच की जा रही है। डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि मर्डर-लूटकांड में उन्हें कई अहम इनपुट मिले हैं। संदेह के आधार पर नौकरानी और उसके परिवार के छह लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मर्डर केस का खुलासा करेंगे। इन चार सवालों से शक के घेरे में आई नौकरानी 1- निर्मला के मर्डर की सूचना मिलने के बाद भी घर क्यों नहीं गई : इस सवाल का जवाब नौकरानी ऊषा नहीं दे सकी और इधर-उधर की बात करने लगी। जबकि नीतू ने फोन पर बताया कि मालकिन का मर्डर हो गया। 2- सुबह काम पर आने से लौटने के बाद फोन क्यों स्विच ऑफ किया : जांच में सामने आया कि ऊषा, हरेंद्र के घर दिन में दो बार काम करने के लिए आती थी, लेकिन गुरुवार सुबह काम करने के बाद वह दोबारा घर नहीं पहुंची। हत्या के बाद पुलिस ने फोन मिलाया तो मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा था। 3- वारदात के वक्त चिल्लायी क्यों नहीं निर्मला : हरेंद्र के घर से चंद कदमों की दूरी पर रहने वाले आर्डिनेंस से रिटायर्ड देबी थापा ने बताया कि घटना के समय वह अपने घर पर ही मौजूद थे, लेकिन उन्हें किसी तरह के चीखने–चिल्लाने की आवाज सुनाई नहीं दी। दोपहर के समय इलाके में सन्नाटा भी था, अगर कोई तेज आवाज में बात भी करता तो सुनाई दे जाता। ऐसे में माना जा रहा है कि हत्याकांड को अंजाम देने वाला कोई पहचान वाला ही था। नौकरानी ऊषा के पहले पति के तीन बेटे चौबेपुर में रहते है, जबकि दूसरे पति से एक बेटा है, उन्होंने बताया कि उसके बेटे कई बार हरेंद्र के घर आ चुके थे। 4- जहां पर जेवरात रखे थे, सीधे उसी लॉकर को कैसे तोड़ा : पुलिस की जांच के दौरान सामने आया कि मृतक निर्मला के बेटी प्राची की शादी दीपावली के बाद होनी थी। इसके चलते उन्होंने सोने के भाव बढ़ता हुआ देखकर करीब 8 लाख के जेवरात खरीदकर रख लिया था। जेवरात कहां रखे हैं, यह बात सिर्फ निर्मला और हरेन्द्र को मालूम थी, लेकिन बदमाश को कैसे पता चली। इस वजह से भी नौकरानी सबसे पहले पुलिस के रडार पर आई। दूसरी शादी की और बेटी की शादी को जुटा रही थी रकम नौकरानी ने पहले पति को छोड़कर दूसरी शादी की है। पहले पति से हुई बेटी की नौकरानी ऊषा ने शादी तय कर दी है। उसकी शादी के लिए भी ऊषा रकम और जेवरात जुटा रही थी। पुलिस ने ऊषा के पूरे घर को सर्च किया और कई चीजें बरामद की है, लेकिन अभी इसका खुलासा नहीं किया कि क्या बरामद हुआ है। भगवा गमछा ओढ़कर घुसे बदमाश ने की हत्या डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया- पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। इसमें सामने आया कि भगवा गमछा ओढ़े एक युवक दोपहर 1 बजकर 16 मिनट घर में अंदर गया। करीब 55 मिनट बाद 2:10 बजे वह बाहर निकला। गमछा ओढ़े होने के चलते उसकी पहचान नहीं हो पा रही है। सर्विलांस टीम को भी खुलासा करने में लगाया गया है। जांच के दौरान कई अहम इनपुट मिले हैं। जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
लेक्चरर की पत्नी की हत्या में नौकरानी पर शक:कानपुर पुलिस ने 6 को उठाया, बेटी की शादी के लिए खरीदे थे जेवरात
