फतेहाबाद पहुंचे जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा कि हरियाणा सरकार और डीजीपी सो रहे हैं। इसलिए केंद्र सरकार से गुजारिश कर रहा हूं कि हरियाणा को बचाने का समय है। केंद्र सरकार को हस्तक्षेप करना चाहिए। केंद्रीय एजेंसी को इन सरेआम घूम रहे गुंडों को पकड़ना चाहिए। दिग्विजय ने दावा किया कि भिवानी में हमारे को कुछ गाड़ियां इंटरसेप्ट कर रही थी। सिरसा में पुलिस के लोग एके-47 लिए घूम रहे हैं। पंजाब पुलिस लॉ, जो हरियाणा में लागू है, उसमें सीआईए नाम की कोई एजेंसी को जगह नहीं है, बिना वर्दी को जगह नहीं है। मगर यहां ये सब चल रहा है। गमले तोड़ने पर केस दर्ज हो रहे हैं। जिसकी एक रात जेल में कटी है, उसका जवाबदेह कौन होगा। 27 अप्रैल को सारा हरियाणा लामबंद होगा। यूनिवर्सिटीज क्या सिर्फ एबीवीपी या आरएसएस के लिए ही रह जाएंगी। यह सब चिंता का सबब है। निहत्थे स्टूडेंट्स की सुनवाई नहीं हो रही है। क्या यह नया भारत है। दिग्विजय चौटाला शुक्रवार को फतेहाबाद में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने 27 अप्रैल की महापंचायत में हिसार पहुंचने के लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आमंत्रित भी किया। सिरसा की जाट धर्मशाला में एक-एक कमरे को तलाशा दिग्विजय ने कहा कि कानून व्यवस्था को लेकर लोगों में भय की स्थिति बनी हुई है। अभी एक कंप्लेंट दायर हुई है। सिरसा की जाट धर्मशाला में कल आधी रात 2 बजे राइफल्स लेकर कुछ लोग दीवार फांदकर अंदर आए। 8-10 लोग थे। उन्होंने हर कमरे को खोलकर देखा। धर्मशाला में आतंक मचाया। उनके पास पिस्टल, कार्बाइन और राइफल्स थी। धर्मशाला मैनेजर ने इसकी शिकायत एसपी सिरसा को दी है। इसकी सीसीटीवी फुटेज भी दी गई है। दिग्विजय बोले-मुझे एसआईटी का नोटिस नहीं मिला एसआईटी द्वारा नोटिस देने के मामले को लेकर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि मेरे को कोई नोटिस अभी तक नहीं मिला है। मेरे को नोटिस आएगा तो मैं जरूर जाऊंगा। जेल काटने से हमें कोई डर नहीं हैं। जनहित के मुद्दों को लेकर हमारा परिवार हमेशा संघर्ष करता रहा है। हमारे पिता, दादा, परदादा ने जनता के लिए जेल काटी है। युवाओं पर संकट आया है, इसलिए देवीलाल परिवार एक दिग्विजय चौटाला ने कहा कि आज जब प्रदेश की यूनिवर्सिटीज में संकट आया है, युवाओं पर संकट आया है, तो चौधरी देवीलाल के परिवार का एक सुर है। बेशक हमारे राजनीति मतभेद हैं, हमारी पार्टियां अलग-अलग हैं, लेकिन चौधरी रणजीत सिंह, आदित्य चौटाला, सुनैना चौटाला समेत देवीलाल परिवार का हर सदस्य यही कह रहा है कि युवाओं की आवाज दबाना गलत है। अभय चौटाला द्वारा दिए गए बयान को लेकर दिग्विजय ने कहा कि जनता को तय करना है कि हमारे काम अच्छे हैं या नहीं। किसान के खाते में पैसा देना, महिलाओं को रिजर्वेशन देना अच्छा है या नहीं। सुभाष बराला को लेकर उन्होंने कहा कि जब उनके बेटे विकास बराला पर संकट आया था तब पूरे हरियाणा में अकेला दिग्विजय चौटाला उनके साथ खड़ा था। उन्हें वह दिन भी याद रखने चाहिए। जानिए… क्यों रखी गई है हिसार में महापंचायत हिसार स्थित गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी में वीसी से मिलने गए दिग्विजय चौटाला और उनके साथियों पर हिसार पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। उनके कुछ साथियों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय चौटाला गिरफ्तारी देने लघु सचिवालय गए। उस दिन हिसार में सीआईए प्रभारी पवन कुमार के साथ दुष्यंत चौटाला का विवाद हो गया। इसके बाद बार-बार चेतावनी देने के बाद भी एसपी ने सीआईए प्रभारी पर कोई कार्रवाई नहीं की है। इसी विरोध में 27 अप्रैल को हिसार में महापंचायत बुलाई गई है। जिसमें प्रदेशभर से जेजेपी कार्यकर्ताओं और स्टूडेंट्स को आमंत्रित किया जा रहा है।
फतेहाबाद पहुंचे दिग्विजय चौटाला:बोले-हरियाणा सरकार और DGP सो रहे, सिरसा में राइफल लेकर घुसी पुलिस; भिवानी में गाड़ियों ने पीछा किया
