सिरसा के कालांवाली में सोमवार शाम को एक महिला ने जहरीला पदार्थ निगल सुसाइड कर लिया गया। मृतका की पहचान करीब 39 वर्षीय गगनदीप के रूप में हुई है और वह दो बच्चों की मां थी। मामले के अनुसार, महिला के पति को कुछ देर पहले पुलिस किसी झगड़े के मामले में पूछताछ के लिए लेकर गई थी। तभी पीछे से महिला ने सुसाइड कर लिया। जानकारी के अनुसार, मृतक महिला के पति गुरतेज सिंह का कालांवाली गांव के फाइनेंसर नरेश से लेन-देन का विवाद था। लोन लिया हुआ था, जिसे भरने को लेकर फाइनेंसर व महिला के पति के बीच फोन पर आज सुबह ही दो से तीन बार बातचीत हुई और बहस हो गई। इसके बाद दोपहर को फाइनेंसर नरेश पर तीन अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया और उसे चोट मार दी। फाइनसेंर ने इसकी शिकायत कालांवाली पुलिस थाने में दी और गुरतेज से बहस होने व झगड़े में शामिल होने का शक जताया। जिसके बाद पुलिस ने गुरतेज को पूछताछ के लिए बुलाया तो वह थाने आने से मना कर गया और कहा, घर आ जाओ। पुलिस उसके घर जा पहुंची और उसे पूछताछ के लिए थाने ले आई। जब गुरतेज थाने से घर पहुंचा तो ये घटना हो गई। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। मंगलवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर की इस मामले में मृतका के परिवार ने फाइनेंसर नरेश पर पैसो के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला के पति के आरोपों पर फाइनेंसर के खिलाफ धारा 306 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया। वहीं, फाइनेंसर की शिकायत में झगड़ा मामले में तीनों अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गुरतेज की फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी और वह इस घटना में शामिल नहीं पाया गया। फाइनेंसर की दुकान थाने के पास सूत्रों के अनुसार, फाइनेंसर नरेश की कालांवाली गांव में थाने से कुछ दूरी पर शेटरिंग की दुकान है और वह फाइनेंस का काम करता है। उसका गुरतेज सहित अन्य लोगों से लेन-देन चलता है। गुरतेज से पैसों को लेकर उसका दो तीन दिन से तू-तड़ाक हो रही थी। गुरतेज से सुबह भी बहस हुई थी। आज वह दुकान पर था तो अचानक तीन लड़के आए और उस पर हमला कर चोटें मारीं। फाइनेंसर ने गुरतेज पर हमला करवाने का शक जताया और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने ले गई, जहां ऐसा कुछ नहीं मिला। गांव के सरपंच अजय सिंह ने बताया, वे अभी इसी मामले में थाने में गए हुए थे। पुलिस पर कोई आरोप नहीं है। फाइनेंसर के साथ ही झगड़ा चल रहा था और वह उनको प्रताड़ित करता था। ऐसे में महिला ने सुसाइड कर लिया। डीएसपी बोले- पुलिस पर कोई आरोप नहीं इस मामले में डीएसपी संदीप धनखड़ा ने बताया, महिला के परिजनों के बयान पर फाइनेंसर के खिलाफ धारा 306 का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फाइनेंसर ने झगड़ा मामले में महिला के पति पर शक जताया था। पुलिस ने गुरतेज को बुलाया तो वह नहीं आया। जिसके बाद सरपंच को लेकर पुलिस उसके घर पहुंची तो उस समय वह घर पर ही था और महिला मौजूद नहीं थी। ऐसे में पुलिस उसे थाने में लेकर आई और जांच के बाद उसे वापस भेज दिया। पुलिस पर कोई आरोप नहीं है और महिला व उसके पति फाइनेंस वाले के साथ पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। उसी के खिलाफ शिकायत दी है।
सिरसा में महिला ने जहरीला पदार्थ निगल किया सुसाइड:2 बच्चों की मां थी; पति को पूछताछ के लिए लेकर गई थी पुलिस,लेन-देन का विवाद
