मधुमक्खियों के हमले में व्यक्ति की मौत:हांसी में पशुओं के लिए चारा लेने गया, झुंड पीछे लगा, बचाने आया व्यक्ति भी घायल

Spread the love

हरियाणा के हांसी में मधुमक्खियों के झुंड ने एक किसान पर हमला कर दिया। उसकी चीख-पुकार सुनकर एक व्यक्ति उसे बचाने दौड़ा, लेकिन मधुमक्खियों ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। गंभीर हालत में किसान को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किसान अपने खेत में पशुओं के लिए हरा चारा लेने गया था। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उसे परिवार को सौंप दिया। पहाड़ी मधुमक्खियों ने हमला किया पेटवाड़ गांव का रहने वाला किसान वेदपाल रविवार सुबह अपने खेत में पशुओं के लिए हरा चारा लेने गया था। इसी दौरान खेत में मौजूद पहाड़ी मधुमक्खियों के झुंड ने उस पर अचानक हमला कर दिया। वेदपाल ने खुद को बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन मधुमक्खियों का झुंड लगातार हमला करता रहा। बचाने की कोशिश में पड़ोसी भी घायल पास के खेत में काम कर रहे एक पड़ोसी ने वेदपाल को घबराकर भागते देखा। उसे लगा कि शायद बंदरों ने हमला किया है। वह डंडा लेकर उसे बचाने दौड़ा, लेकिन नजदीक पहुंचते ही मधुमक्खियों ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। खुद घर पर फोन कर सूचना दी हमले के दौरान वेदपाल ने अपने घर फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। पड़ोसी ने धुआं कर मधुमक्खियों को भगाया। इसके बाद परिजन घायल वेदपाल को तुरंत नारनौंद के सामान्य अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 3 बच्चों के पिता थे वेदपाल वेदपाल अपने पीछे पत्नी, 2 बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। उनके बच्चे अभी पढ़ाई कर रहे हैं। परिजनों के अनुसार, वेदपाल खेती करके ही परिवार का पालन-पोषण करते थे। रविवार को भी वह परिवार की जिम्मेदारी निभाने के लिए ही चारा लेने खेत गए थे। परिवार की आर्थिक सहायता की मांग घटना के बाद पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। हांसी सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। वेदपाल के परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है, ताकि परिवार का पालन-पोषण हो सके और बच्चों की पढ़ाई जारी रह सके।