सोनीपत 62 साल के व्यक्ति ने गोली मार किया सुसाइड़:पहले बेटे के सिर में चोट मारी; बेटा बोला-भैंसों की मौत से मानसिक तनाव में थे

Spread the love

सोनीपत में एक 62 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी डेयरी में देसी पिस्तौल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। व्यक्ति ने सुसाइड़ से पहले अपने बेटे को भी सिर में चोट मारी थी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और हैरानी का माहौल है। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और आत्महत्या के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है।
डेयरी में खुद को मारी गोली, मौके पर मौत
गोहाना के गांव गढ़ी उजाले खां के रहने वाले अमन ने बताया कि उसके पिता विजय ने अपनी डेयरी के अंदर देसी पिस्तौल से खुद को गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बेटे ने बताया कि सुबह उसके पिता रास्ते में मिले थे। उसने अपनी बाइक उन्हें दे दी थी, जिसके बाद वे घर चले गए। उस समय किसी भी तरह की अनहोनी की आशंका नहीं थी और सब कुछ सामान्य लग रहा था।
बेटे के बाहर जाने के दौरान उठाया कदम
परिजन के अनुसार बेटा घर पहुंचकर भजन सुनते हुए सो गया था। जब वह उठा तो उसके पिता ने उसके सिर में चोट मार दी, जिसके बाद वह इलाज के लिए मेडिकल चला गया। इसी दौरान पीछे से उसके पिता ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
आर्थिक और मानसिक तनाव में थे मृतक
अमन ने बताया कि उनके पिता पिछले काफी समय से तनाव में थे। उनकी डेयरी में काफी दिनों पहले किसी ने चारे में जहर मिला दिया था, जिससे उनकी पांच भैंसों की मौत हो गई थी। इसके बाद डेयरी में चोरी की घटना भी हुई, जिससे वे बेहद परेशान रहने लगे थे और मानसिक रूप से काफी दबाव में थे।
पिस्तौल कहां से आई, जांच में जुटी पुलिस
परिजनों के अनुसार उन्हें यह जानकारी नहीं है कि मृतक के पास देसी पिस्तौल कहां से आई। इस पहलू को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है और हथियार के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही आत्महत्या के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।