यूपी की बड़ी खबरें:अल-कायदा के 3 आतंकियों को उम्र कैद, 2021 में कुकर बम के साथ लखनऊ में पकड़े गए थे

Spread the love

लखनऊ की स्पेशल एनआईए कोर्ट ने अल-कायदा से जुड़े आतंकी मॉड्यूल मामले में फैसला सुनाते हुए 3 दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। अदालत ने प्रत्येक दोषी पर 50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। यह फैसला सोमवार को एडीजे-3/स्पेशल जज जैनेंद्र पांडेय की अदालत ने सुनाया है। कोर्ट ने मामले में मुख्य आरोपी काकोरी निवासी मिन्हाज अहमद, मड़ियांव निवासी मुसीरुद्दीन उर्फ मुसीर और बड़गाम जम्मू-कश्मीर निवासी तौहिद को दोषी पाते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। तीनों दोषियों पर 50-50 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया गया है। पूरी खबर पढ़ें धुरंधर फिल्म के खिलाफ PIL दाखिल, लखनऊ हाईकोर्ट ने कहा- 28 अप्रैल को सुनवाई करेंगे अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में अतीक अहमद के किरदार और नोटबंदी को मास्टर स्ट्रोक दिखाए जाने के खिलाफ लखनऊ हाईकोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दाखिल की गई है। याचिका में फिल्म के निर्माता-निर्देशक आदित्य धर को विपक्षी बनाया गया है। इसके अलावा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC), उत्तर प्रदेश सरकार (एंटरटेनमेंट टैक्स विभाग), जिलाधिकारी को प्रतिवादी बनाया गया है। केंद्र सरकार के वकील अश्विनी कुमार सिंह ने बताया- याचिका में अतीक अहमद को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया गया है। यहां पढ़ें पूरी खबर बाराबंकी में बिजली कनेक्शन के नाम पर रिश्वत मांगने के मामले में JE-SDO सस्पेंड, लाइनमैन बर्खास्त बाराबंकी में बिजली कनेक्शन के लिए रिश्वत मांगने और मनमाना एस्टीमेट थमाने के मामले में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सख्त कार्रवाई की है। जांच के बाद कई अधिकारियों पर गाज गिरी है। सदर तहसील नवाबगंज क्षेत्र के भिटौली कला गांव की रामजेई ने 2 किलोवाट घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि कनेक्शन देने के लिए 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। ऊर्जा मंत्री ने तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। सदर नवाबगंज के XEN घनश्याम त्रिपाठी को पद से हटाकर नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा, अवर अभियंता (JE) अभिनव श्रीवास्तव और उपखंड अधिकारी (SDO) रवि वर्मा को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, लाइनमैन मनीष वर्मा को सेवा से बर्खास्त करने के निर्देश दिए गए हैं। पढ़ें पूरी खबर… लखनऊ में यूपी का पहला हार्ट ट्रांसप्लांट, दिल्ली से एयर एंबुलेंस से लाए कैडेवर हार्ट लखनऊ के SGPGI में यूपी का पहला हार्ट ट्रांसप्लांट किया गया। इससे 40 साल की महिला को नया जीवन मिला। ट्रांसप्लांट करने के लिए हार्ट दिल्ली के राम मनोहर लोहिया संस्थान से मंगाया गया। SGPGI में 20 से ज्यादा टॉप डॉक्टरों की टीम ने हार्ट सर्जन की अगुवाई में 5 घंटे की जटिल सर्जरी करके महिला मरीज में हार्ट प्रत्यारोपित करने में कामयाब रहे हैं। फिलहाल मरीज को वेंटिलेटर सपोर्ट से हटा दिया गया है। उसे ICU वॉर्ड में निगरानी में रखा गया है। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, सीएम योगी आदित्यनाथ, स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने डॉक्टरों की टीम को बधाई दी है। पूरी खबर पढ़ें मुजफ्फरनगर में सीएम सभा से पहले नशे में अर्धनग्न मिला दरोगा, कहा- मैं कहां खड़ा हूं, पुलिस बोली- खड़े नहीं, पड़े हो
मुजफ्फरनगर में मुख्यमंत्री की जनसभा से पहले सुरक्षा व्यवस्था में ड्यूटी पर तैनात दरोगा नशे की हालत में अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। घटना का वीडियो सामने आया है। मामला तहसील सदर परिसर का है। जहां एक सब इंस्पेक्टर नशे में धुत हालत में मिला। वीडियो में दरोगा बार-बार यह पूछता नजर आ रहा है, मैं कहां खड़ा हूं, जिस पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तंज करते हुए जवाब दिया- आप खड़े नहीं, पड़े हुए हैं। दरोगा वर्तमान में बुलंदशहर में तैनात है। पहले मुजफ्फरनगर के फुगाना थाने में भी रह चुका है। पढ़ें पूरी खबर ग्रेटर नोएडा में 2 स्कूल बसों की आमने-सामने टक्कर, 8 बच्चे और चालक घायल ग्रेटर नोएडा में सोमवार सुबह 2 स्कूल बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 8 से ज्यादा बच्चे और एक बस चालक घायल हो गए। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना दादरी थाना क्षेत्र के रूपवास गांव के पास सुबह करीब 7:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस ने सामने चल रही दूसरी स्कूल बस को टक्कर मार दी। घायल बच्चे जीसस मैरी स्कूल के बताए जा रहे हैं। वहीं टक्कर मारने वाली बस रामयज्ञ स्कूल की थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में 8 बच्चे और एक बस चालक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पढ़िए पूरी खबर… मिर्जापुर अधिवक्ता हत्याकांड- दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार:पुलिस ने दोनों पैरों में गोली मारकर दबोचा, चुनावी रंजिश में मारी थी गोली
मिर्जापुर में 11 अप्रैल को हुए अधिवक्ता हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी इंद्रासन बिंद को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। उसके दोनों पैरों में गोली लगी हैं, जिसका इलाज मंडलीय अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार, सोमवार की भोर लगभग 4 बजे एसओजी और स्थानीय पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान कटरा क्षेत्र के सोनवर्षा इलाके के पास चंद्रदीपा के निकट मुठभेड़ हुई। इस दौरान आरोपी इंद्रासन बिंद ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पढ़िए पूरी खबर… झांसी में युवक ने लगाई फांसी:पिता घर लौटे तो फंदे पर लटका हुआ था, परिजन बोले-जान क्यों दी पता नहीं
झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र में 11वीं कक्षा के छात्र द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना मोहनी बाबा क्षेत्र की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। गोविंद चौराहा स्थित मोहनी बाबा के पास सैंयर गेट इलाके में रहने वाले शाहिद अली अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहते हैं। परिवार में पत्नी और दो बेटे कौशिफ (18) और मेजान अली (15) हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते परिवार के सभी सदस्य काम करते हैं। पढ़िए पूरी खबर…. वाराणसी में एचएम होटल में लगी आग, 5 झुलसे; सो रहे यात्रियों में मची अफरातफरी वाराणसी के नई सड़क इलाके में बीती रात होटल एचएम में आग लग गई। उस समय होटल में ठहरे यात्री सो रहे थे। धुआं फैलते ही लोगों में चीख-पुकार मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही एसीपी दशाश्वमेध भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। चेतगंज से फायर सर्विस की टीम को बुलाया गया। पुलिस, फायर सर्विस के जवानों और स्थानीय लोगों ने मिलकर होटल में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इस हादसे में पांच यात्री झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मंडलीय चिकित्सालय और ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पढ़िए पूरी खबर… अलीगढ़ में भाजपा विधायक ने ऊर्जा मंत्री को लिखा पत्र: कहा- स्मार्ट मीटर पर जनता का आक्रोश बढ़ रहा, चुनाव में नुकसान हो सकता है
अलीगढ़ में स्मार्ट मीटर पर जन आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शहर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक मुक्ता संजीव राजा ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को पत्र लिखकर विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। विधायक ने आगाह किया है कि जनता के बीच स्मार्ट मीटर को लेकर गुस्सा है। उसका समाधान न होने पर पार्टी को आगामी चुनावों में गंभीर खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। पढ़िए पूरी खबर…