झांसी में एक पिता किडनैपर की तरह अपने 3 साल के बेटे को उठाकर ले गया। बेटा मां की गोद में खेल रहा था। पिता अपने दो साथियों के साथ चुपचाप पत्नी के घर पहुंचा। बाइक बाहर खड़ी करके अंदर घुसा। महिला की गोद से बेटा छीनने लगा, विरोध किया तो तमंचा दिखा दिया। बेटे को बचाने के लिए महिला चिल्लाती हुई पति के पीछे दौड़ी। उसने बाहर खड़ी बाइक स्टार्ट की। पत्नी ने हाथ पकड़ा तो बाइक की स्पीड तेज करते हुए बेटे को लेकर भाग गया। हड़बड़ाहट में उसके साथ आए दो साथी छूट गए। पड़ोसियों ने दोनों को पकड़ लिया। उन्हें पुलिस को सौंप दिया। पत्नी बच्चे के साथ 12 दिन पहले ही पंजाब से मायके आई थी। पुलिस पूछताछ में पिता के साथ आए युवकों ने बताया कि बेटे को लेकर पंजाब गया है। इसके बाद पुलिस की एक टीम बेटे को लेने पंजाब रवाना हो गई है। पूरी घटना 18 सितंबर गुरुवार को मऊरानीपुर कस्बे की है। शनिवार को CCTV फुटेज सामने आया। 3 तस्वीरें देखिए- चलिए, पूरा मामला विस्तार से पढ़ते हैं… 5 साल पहले हुई थी शादी मऊरानीपुर के गोपालगंज निवासी वर्षा जोशी की शादी 5 साल पहले पंजाब के जालंधर निवासी रमन से हुई थी। रमन का पंजाब में आढ़त का कारोबार है। वर्षा ने बताया- शादी के 3 महीने बाद उसे पता चला कि पति का एक महिला से अफेयर है। इस बात को लेकर झगड़ा होने लगा। सास को बताया, मगर वो भी कुछ नहीं बोली। पति मेरे साथ मारपीट करने लगा। तब मैं अपने माता-पिता के घर आ गई। मायके में ही मैंने अपने बेटे को जन्म दिया। दो साल तक मायके में रही। फिर ससुराल वाले आए और पंचायत हुई। गलती मानकर वे मुझे ससुराल ले गए। सबकुछ ठीक चल रहा था। अब मम्मी-पापा मुझे लेने गए तो झगड़ा हो गया। इसके बाद मैं 6 सितंबर को बेटे को लेकर मायके आ गई। फिर मैंने ससुराल जाने से मना कर दिया।
एक दिन पहले रेकी, दूसरे दिन वारदात पत्नी वर्षा ने बताया- 17 सितंबर को मैं घर पर थी। तब पति ने तीन लोगों को घर पर भेजा। वे बोले कि रमन तुम्हें घर ले जाना चाहता हैं। मैंने साफ मना कर दिया। कहा कि मैं ससुराल नहीं जाऊंगी। उनको इसके पीछे की वजह भी बताई। ससुराल वालों की गलतियां बताई। तब वे भी बोले कि ठीक है। 18 सितंबर को मैं घर पर थी और अपने बेटे को खिला रही थी। मेरी बहन भी साथ में थी। तभी पति दो साथियों के साथ आया। तीनों ने चेहरे ढके हुए थे। पति घर के अंदर आया और बेटे को छीनकर बाइक से भाग गया। मैं चिल्लाते हुए बाहर भागी और पति का हाथ पकड़ लिया। मगर वो बाइक की स्पीड़ बढ़ाकर भाग निकला। इस हड़बड़ाहट में दोनों साथी बाइक पर नहीं बैठ पाए।
दोस्तों के घर रुका था पति
पत्नी वर्षा ने बताया- कुछ दिनों से घर में क्लेश हो रहा था। माता-पिता लेने आए तो पति और सास बोले कि बेटे को लेकर मत जाना। किसी तरह हाथ-पैर जोड़कर बेटे को लेकर मायके आ गई। अब मैंने जाने से मना कर दिया था। पति के साथ झांसी के चकारा गांव निवासी जितेंद्र शर्मा और उसका एक साथी था। 17 सितंबर को पति झांसी आकर जितेंद्र के घर पर ही रुका था। अगले दिन तीनों घर पर आए और मेरे बेटे को छीनकर ले गए। मैं बचाने के लिए दौड़ी, मगर वो बाइक दौड़ाकर भाग गया। एक को गांव में और दूसरे को बंगरा में पकड़ा
ग्रामीणों ने एक आरोपी को गांव में ही पकड़ लिया। जबकि एक आरोपी का पीछा करते हुए उसे थोड़ी दूर में पकड़ लिया। पिता बच्चे को लेकर भाग निकला। पत्नी और परिजन बच्चे को ढूंढ़ते रहे। जब कोई सुराग नहीं लगा तो शुक्रवार को थाने पहुंचे और तहरीर दी। मऊरानीपुर CO मनोज कुमार सिंह ने बताया- पति से अनबन के कारण पत्नी मायके में रह रही थी। पति जबरन पत्नी की गोद से बच्चे को छीनकर ले गया। उसके दो साथी भी शामिल थे। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रहे हैं। बच्चा सुरक्षित अपने पिता के साथ पंजाब पहुंच गया है। बच्चे को लाने के लिए पुलिस टीम पंजाब रवाना हो गई। —————– ये खबर भी पढ़ें… योगी को 25 सितंबर से पहले मार दूंगा:मथुरा में पुलिस पकड़ने गई तो 6 राउंड फायरिंग की; कनपटी पर पिस्टल रखकर धमकाता रहा मथुरा में युवक ने पिस्टल लहराते हुए सीएम योगी को जान से मारने की धमकी दी। खुद की कनपटी पर पिस्टल सटाकर कहा- मैं सीएम को 25 सिंतबर से पहले मार दूंगा। खुद भी मर जाऊंगा। मेरी कोई मदद नहीं कर रहा है। पढ़ें पूरी खबर…