झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश के आसार हैं। बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31.6 और न्यूनतम 23.2 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली के साथ बारिश हो सकती है। साथ ही अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की जा सकती है। तेज हवा और भारी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने उत्तर-पूर्वी और उत्तरी-मध्य भागों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके साथ ही तेज गर्जन और 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। विभाग ने साफ किया है कि राज्य में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा का दौर जारी रहेगा। 19 और 20 सितंबर को भी राज्य के कई जिलों में बारिश का असर दिखेगा। वहीं, 22 सितंबर से मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। हालांकि उत्तर प्रदेश और बिहार के ऊपर बने ऊपरी वायु चक्रवात का असर झारखंड के मौसम पर पड़ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है। 30-33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा अधिकतम पारा राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। दुमका, गोड्डा और पाकुड़ जिलों में 21 सितंबर तक अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं साहिबगंज और जामताड़ा में 32-33 डिग्री तक गर्मी महसूस की जाएगी। चतरा, गढ़वा और पलामू में अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है। वहीं, लातेहार और लोहरदगा में तापमान अपेक्षाकृत स्थिर रहेगा। रांची और खूंटी में अधिकतम तापमान 29 डिग्री के आसपास बना रहेगा, जबकि हजारीबाग और बोकारो में यह 30 से 32 डिग्री के बीच रहेगा। पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला और सिमडेगा जिलों में तापमान 33 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। 3 महीने में सामान्य से 20% अधिक बारिश 1 जून से 17 सितंबर तक झारखंड में औसतन 1119.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य 935.3 मिमी से 20% अधिक है। जिलेवार आंकड़ों में सबसे अधिक बारिश पूर्वी सिंहभूम में 1581.4 मिमी दर्ज की गई, जो सामान्य से 58% ज्यादा है। इसी तरह रांची में 1419.3 मिमी (49% अधिक), सरायकेला-खरसावां में 1402.3 मिमी (51% अधिक) और धनबाद में 1298.6 मिमी (34% अधिक) बारिश हुई। वहीं, कुछ जिलों में कम वर्षा की स्थिति रही। पाकुड़ में 795.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 24% कम है। इसी तरह गोड्डा में 734.5 मिमी (-10%) और देवघर में 762.4 मिमी (-13%) बारिश हुई। राज्य के अन्य जिलों में वर्षा सामान्य से थोड़ी अधिक या करीब-करीब सामान्य रही।
झारखंड में अभी हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश:तापमान में 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी संभव, 40 km/h की रफ्तार से चल सकती है हवा
