रांची और पूर्णिया के यात्रियों के लिए खुशखबरी है। इंडिगो एयरलाइंस 17 सितंबर से रांची से पूर्णिया वाया कोलकाता नई विमान सेवा शुरू करेगा। यह फ्लाइट प्रायोगिक तौर पर सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी। एयरलाइन के अनुसार इस नई सेवा से बिहार-झारखंड के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी और सफर में समय की बचत होगी। ऐसा है फ्लाइट का शेड्यूल नई सेवा के मुताबिक विमान रांची से सुबह 7.40 बजे कोलकाता के लिए रवाना होगा। कोलकाता से यात्रियों को लेकर दोपहर 1.40 बजे पूर्णिया पहुंचेगा। वहीं इसी दिन यह विमान पुनः रांची के लिए कोलकाता से प्रस्थान करेगा। पूर्णिया से यह विमान दोपहर 2.30 बजे रवाना होकर कोलकाता पहुंचेगा। कोलकाता से प्रस्थान कर रात 8.45 बजे रांची पहुंच जाएगा। इस फ्लाइट के शुरू होने से रांची से पूर्णिया जाने वाले यात्रियों को अब अधिक सहूलियत और आरामदायक सफर मिलेगा। पूर्णिया के लिए ट्रेन, बस के बाद बेहतर विकल्प वर्तमान में रांची से पूर्णिया के लिए केवल एक ही रांची-पूर्णिया कोर्ट ट्रेन उपलब्ध है। वहीं बस सेवा का रूट लंबा होने के कारण यात्रियों के लिए थकावट भरा है। इंडिगो की नई सेवा के आने से यह कठिनाई काफी हद तक दूर होगी। यात्रियों को बस और ट्रेन की तुलना में तेज और सुरक्षित विकल्प मिलेगा। अन्य प्रमुख शहरों के लिए काफी है फ्लाइट संख्या रांची एयरपोर्ट के नए शेड्यूल के अनुसार, रांची से दिल्ली के लिए अब सात सीधी फ्लाइट उपलब्ध हैं, वहीं बेंगलुरु के लिए चार सीधी फ्लाइट हैं। मुंबई और कोलकाता के लिए अब तीन-तीन फ्लाइट संचालित होंगी। इसके अलावा, रांची से हैदराबाद के लिए दो फ्लाइट और पटना, अहमदाबाद, भुवनेश्वर, चेन्नई तथा पुणे के लिए रोजाना एक-एक विमान उपलब्ध है। कनेक्टिंग फ्लाइट की भी मिल रही सुविधा बिरसा मुंडा एयरपोर्ट अब यात्रियों को कई अन्य शहरों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट सुविधा भी प्रदान करेगा। एयरपोर्ट निदेशक आरआर मौर्या के मुताबिक यात्रियों को भुवनेश्वर, बिशाखापत्तनम, इंदौर, त्रिवेंद्रम और गुवाहाटी के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट मिलेगी। यात्रियों को रांची एयरपोर्ट पर एक बार बोर्डिंग कराने के बाद इन शहरों तक की यात्रा करने में किसी भी अतिरिक्त बोर्डिंग की आवश्यकता नहीं होगी। भुवनेश्वर के लिए विमान वाया मुंबई, इंदौर वाया दिल्ली, गुवाहाटी वाया बेंगलुरु, बिशाखापत्तनम वाया हैदराबाद और त्रिवेंद्रम वाया बेंगलुरु उपलब्ध होगा।
रांची से पूर्णिया के लिए इंडिगो की नई फ्लाइट:कोलकाता के रास्ते हफ्ते में 3 दिन मिलेगी, रांची से सुबह 7.40 बजे भरेगी उड़ान
