कैथल जिले के गांव दुब्बल व कुराड़ के बीच अज्ञात वाहन ड्राइवर ने बाइक पर जा रहे दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक करीब 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। मृतक के परिजनों ने इस बारे में कलायत थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चचेरे भाई ने दी शिकायत गांव कुराड़ के सतीश कुमार ने कलायत थाना में दी शिकायत में बताया कि कल को रात करीब 10 बजे उसका चचेरा भाई बिंद्र व सोनू कुराड़ से बाइक पर सवार होकर दुब्बल वाली सड़क पर जा रहे थे। जब वे कौल माईनर पुल के नजदीक पहुंचे, तो अज्ञात वाहन के ड्राइवर ने उनको टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ड्राइवर पर कार्रवाई की मांग घटना की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंच गए और दोनों को इलाज के लिए कैथल नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। वहां पर जांच के बाद डॉक्टरों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। बिंद्र का अस्पताल में इलाज चल रहा है। शिकायतकर्ता ने आरोपी वाहन ड्राइवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस कलायत थाना के जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
कैथल में बाइक सवार युवक की मौत:वाहन ने मारी टक्कर, साथी गंभीर रूप से घायल; ड्राइवर फरार
