मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। मंदिर के पट बंद, बाहर बैठकर हनुमान चालीसा
इंदौर से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला एक बार फिर चर्चा में हैं। उनकी ‘भक्ति’ का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे आधी रात को एक मंदिर में नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि रुद्राक्ष अपने दोस्तों के साथ मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं, जबकि मंदिर के पट बंद हैं। वीडियो सामने आते ही लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कुछ इसे आस्था बता रहे हैं, तो कुछ लोगों का कहना है कि रील के चक्कर में आधी रात को भगवान को क्यों जगा रहे हो? बता दें, इससे पहले भी रुद्राक्ष शुक्ला देवास में रात के समय माता मंदिर पहुंचने को लेकर विवादों में रह चुके हैं। सीएम ने अपने अंदाज में की शिवराज की तारीफ
रायसेन में उन्नत कृषि महोत्सव के शुभारंभ के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी चुनावी कामयाबी का जिक्र किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में उन्होंने कहा कि इसी संसदीय क्षेत्र से, एक विधानसभा मिलाकर, जनता ने उन्हें 12 बार जिताया है। 6 बार विधायक और 6 बार सांसद। उन्होंने कहा कि मेरे लिए किसान ही भगवान हैं और जनता ही जनार्दन। जनता की सेवा ही भगवान की पूजा है। कार्यक्रम में मौजूद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी शिवराज सिंह की जमकर तारीफ की। उन्होंने शिवराज सिंह की चुनावी कामयाबी को लेकर कहा- आप 6 बार सांसद, 6 बार विधायक बने। हमारे यहां 12 साल में सिंहस्थ होता है, कुंभ स्नान होता है। सीएम ने मुस्कुराते हुए कहा- सफलता की पहचान, शिवराज सिंह चौहान.. फिर उनके लिए मंच से तालियां भी बजवाईं। विधायक की तारीफ में केंद्रीय मंत्री कर गए भूल
बैतूल से भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके ने भाजपा विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे की जमकर तारीफ की। उन्होंने उन्हें लाड़ला, यशस्वी और शुभंकर बताया, लेकिन इसी दौरान एक चूक हो गई। उन्होंने पंडाग्रे को घोड़ाडोंगरी का विधायक बता दिया, जबकि वे आमला से विधायक हैं। इस पर पास ही खड़े विधायक योगेश पंडाग्रे ने बीच में ही टोका- कहा कि मैं आमला से विधायक हूं। इसके बाद मंत्री ने अपनी गलती सुधारी। अब वीडियो सामने आने के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं कि केंद्रीय मंत्री अपने ही क्षेत्र के विधायक को ठीक से नहीं पहचान रहे। कलेक्टर भड़के, समिति प्रबंधक को लगाई फटकार
आपको याद होगा, हाल ही में अशोक नगर में एक जनसुनवाई के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य नाराज हो गए थे। उन्होंने कलेक्टर को जनता के दिए आवेदन को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए थे। सिंधिया के कहने पर कलेक्टर खुद आवेदन जमाते नजर आए थे। अब उन्हीं कलेक्टर साकेत मालवीय का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला है। अव्यवस्था को लेकर वे एक समिति प्रबंधक पर भड़क गए। इसका वीडियो भी सामने आया है। दरअसल, एक वेयरहाउस पर समर्थन मूल्य पर चना और मसूर की तुलाई होनी थी, लेकिन तुलाई नहीं होने से नाराज किसानों ने चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही कलेक्टर मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाया। इसके बाद उन्होंने फोन पर ही समिति प्रबंधक को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा- आप लोग तुलाई नहीं कर रहे हैं, जिसकी वजह से किसान ट्रैक्टर सड़क पर खड़े कर रहे हैं। आप अपने विभाग का काम क्यों नहीं कर पा रहे? आपको मौके पर मौजूद रहना चाहिए। बाद में जब समिति प्रबंधक मौके पर पहुंचे, तब भी कलेक्टर ने सख्ती दिखाते हुए तुरंत तुलाई शुरू कराने के निर्देश दिए। अब लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि जनता के हित में ऐसी सख्ती जरूरी है। जैसा सिंधिया ने किया, वैसा ही कलेक्टर ने भी दिखाया। इनपुट सहयोग – कपिल राठौर (इंदौर), देव शाक्य (रायसेन), इरशाद हिंदुस्तानी (बैतूल), संजीव यादव (अशोक नगर) ये भी पढ़ें –
मंत्री की बेइज्जती, गुस्से में अफसर को कहा- नालायक, बदमाश: सीएम की ‘डॉक्टरी’ पर कांग्रेस नेता की भूल मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार में कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह एक बार फिर गुस्से में नजर आए। वे ग्वालियर में एक सड़क के भूमिपूजन कार्यक्रम में पहुंचे थे, लेकिन वहां कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। यह देख मंत्री भड़क गए। उन्होंने इसे अपनी बेइज्जती बताया। पूरी खबर पढ़ें
फिर आधी रात में मंदिर पहुंचे भाजपा विधायक के बेटे:शिवराज के 12 चुनाव जीतने पर सीएम ने कही बड़ी बात; केंद्रीय मंत्री ने कर दी भूल
