बरेली: दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैरों में लगी गोली

Spread the love

थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश शुक्ल ने बताया कि बदमाशों की पहचान शाहजहांपुर के थाना सिंधौली के काजीपुर निवासी शानू खां और बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के जोगीनवादा मोजल्ला शेर अली गौटिया निवासी बब्बू उर्फ आशीष तिवारी के रूप में की है।

दोनों की तलाश नवादिया हरकिशन गांव में 26 जुलाई को एक दंपति से हुई लूट के मामले में थी। आरोपितों ने दंपति से मोबाइल, सोने के कुण्डल और गले का पेंडल लूट लिया था। सोमवार रात बिथरी चैनपुर पुलिस चेकिंग कर रही थी, तभी सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक चोरी की बाइक पर कचौली इलाके में घूम रहे हैं और उनके पास हथियार भी हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों को गोली लगी और वे दबोच लिए गए।

पूछताछ में बदमाशों ने कबूल किया कि वे सुनसान रास्तों पर अकेले या दंपतियों को देखकर लूटपाट करते थे। दोनों के पास हमेशा तमंचा और कारतूस रहते थे ताकि कोई विरोध करे तो फायरिंग कर सकें। बदमाशों ने यह भी बताया कि लूटे गए गहनों में से एक सोने का कुण्डल उन्होंने जगतपुर के एक सोनार को 10 हजार रुपये में बेच दिया था।

थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार शानू खां पर शाहजहांपुर, हरदोई और फतेहगढ़ में हत्या, डकैती, लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट के तहत कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं बब्बू उर्फ आशीष तिवारी पर बरेली, शाहजहांपुर और हरदोई में चोरी, लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

——