शिवहर में भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विरोध में मार्च निकाला। जिला अध्यक्ष नीरज सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस मार्च का नेतृत्व पूर्व विधायक और भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ठाकुर रत्नाकर राणा ने किया। कार्यकर्ताओं ने उत्सव पैलेस से सरदार वल्लभभाई पटेल चौक तक मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के विरोध में नारे लगाए। पूर्व विधायक राणा ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव बिहार में अराजकता फैला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री की माता के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। राणा ने कहा कि न तो राहुल गांधी ने कार्यकर्ता को रोका और न ही उसे पार्टी से निकाला। राणा ने सनातन धर्म के अपमान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव सनातन धर्म का अपमान करने वालों को सम्मानित कर रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक कांग्रेस और राहुल गांधी जनता से माफी नहीं मांगेंगे, विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। मार्च में जिला उपाध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह, डॉ. नूतन माला सिंह, महामंत्री धर्मेंद्र पांडे, विनय कुमार सिंह समेत कई पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाजपा का शिवहर में राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन:पूर्व विधायक राणा के नेतृत्व में निकला मार्च, पीएम की मां के अपमान पर जताया विरोध
