पश्चिम बंगाल में पूर्व टीएमसी नेता हुमायूं कबीर के भाजपा से डील वाले वायरल वीडियो पर शुक्रवार को अमित शाह ने जवाब दिया। शाह कोलकाता में भाजपा का संकल्प पत्र लॉन्च करने पहुंचे थे। प्रेस कांफ्रेंस में उनसे हुमायूं के दावे पर सवाल हुआ। शाह ने जवाब दिया- आप ममता जी की क्षमताओं से अनजान हो। वह ऐसे 2000 वीडियो बनवा सकती हैं। हुमायूं कबीर और भाजपा नॉर्थ पोल और साउथ पोल की तरह हैं। हम कभी साथ नहीं आ सकते। हम उन लोगों के साथ बैठने के बजाय अगले 20 साल तक विपक्ष में बैठना पसंद करेंगे जो बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाते हैं। हुमायूं कबीर ने पश्चिम बंगाल चुनाव में आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) बनाई है। उनका 19 मिनट का वीडियो वायरल हुआ है। इसमें वे बीजेपी नेताओं के साथ ₹1000 करोड़ की डील पर चर्चा करते दिख रहे हैं। हालांकि, भास्कर इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता। वायरल वीडियो में PMO, असम सीएम का भी जिक्र TMC नेता कुणाल घोष ने एक दिन पहले वीडियो का जिक्र कर कहा कि हुमायूं सुवेंदु अधिकारी, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिसवा सरमा के करीबी हैं। घोष ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) चुप क्यों है। उसे इस मामले की जांच करनी चाहिए। बीजेपी ने हुमायूं के जरिए मतुआ, हिंदुओं और मुसलमानों को बेवकूफ बनाने के लिए ‘B टीम’ और ‘C टीम’ बनाई है। वीडियो में सुवेंदु अधिकारी से बातचीत का दावा वीडियो में हुमायूं कबीर दावा करते हैं कि उनकी बातचीत बंगाल में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी से हुई है। उन्हें दिल्ली ले जाकर केंद्रीय नेतृत्व से मिलाने की बात कही गई थी। हुमायूं प्रधानमंत्री कार्यालय और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से संपर्क का भी जिक्र करते हैं। वे असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिसवा सरमा के साथ बातचीत का संकेत भी देते हैं। वीडियो में हुमायूं कबीर बीजेपी के साथ 1000 करोड़ रुपए की डील का जिक्र करते दिखाई दे रहे हैं। साथ ही कुछ सीनियर नेताओं के साथ बातचीत के दावे भी सामने आए हैं। वायरल वीडियो में यह भी दावा किया गया है कि अगर वह इस रणनीति में सफल होते हैं तो उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। AIMIM ने कबीर की पार्टी से गठबंधन तोड़ा बंगाल चुनाव में हुमायूं की पार्टी विधानसभा की 294 सीटों में से 118 पर चुनाव लड़ रही है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम (AIMIM) ने हुमायूं कबीर की पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) से गठबंधन तोड़ लिया है। दोनों पार्टियों ने 25 मार्च को पश्चिम बंगाल चुनाव साथ लड़ने की घोषणा की थी। अब AIMIM चुनाव में अकेले उतरेगी। AIMIM के X हैंडल पर लिखा गया- हुमायूं कबीर के हालिया खुलासों ने यह दिखा दिया है कि बंगाल के मुसलमान कितने असुरक्षित हैं। AIMIM ऐसे किसी भी बयान से खुद को नहीं जोड़ सकती, जिसमें मुसलमानों की निष्ठा या ईमानदारी पर सवाल उठाए जाएं। कबीर ने कहा- चुनाव के बाद कोर्ट जाऊंगा हुमायूं कबीर ने गुरुवार को दैनिक भास्कर को बताया, ‘ये आरोप पूरी तरह फेक हैं। ये वीडियो AI से बनाया गया है। जिन लोगों ने इन्हें जारी किया है मैं उनके खिलाफ कोर्ट जाऊंगा। अभी मैं चुनाव प्रचार में व्यस्त हूं। समय मिलते ही केस करूंगा। हुमायूं कबीर ने कहा कि मैं सीएम हिमंता बिस्व सरमा, मोहन यादव से कभी नहीं मिला, न ही बात हुई। बाबरी मस्जिद की नींव रख चर्चा में आए थे कबीर हुमायूं ने 6 दिसंबर 2025 को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की नींव रखी थी। इसमें 2 लाख से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटी थी। बंगाल के अलग-अलग जिलों से आए लोगों में कोई अपने सिर, कोई ट्रैक्टर-ट्रॉली तो कोई रिक्शा या वैन से ईंट लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा था। ………………. हुमायूं कबीर से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… ’मुर्शिदाबाद में बाबरी बनना तय, हिम्मत है तो गिराओ’: कौन हैं मस्जिद का ऐलान करने वाले विधायक हुमायूं, TMC ने सस्पेंड किया ‘6 दिसंबर (2025) को 12 बजे ही बाबरी मस्जिद का शिलान्यास होगा। मुसलमानों का सेंटिमेंट टूटा है, कुछ तो करना पड़ेगा। 1992 में जिन्होंने बाबरी मस्जिद तोड़ी, उनमें हिम्मत है तो मुर्शिदाबाद में आकर गिरा दें।‘ मुर्शिदाबाद के भरतपुर से TMC विधायक हुमायूं कबीर पश्चिम बंगाल में बाबरी नाम से मस्जिद बनाने का दावा कर रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें…
शाह बोले- भाजपा और हुमायूं नॉर्थ पोल- साउथ पोल जैसे:बाबरी मस्जिद बनवाने वाले का साथ नहीं देंगे, इसके बजाय विपक्ष में बैठना पंसद
