तांत्रिक विद्या के बहाने महिला ने ₹1.07 करोड़ ठगे:कैथल की फैमिली बोलीं- इंजेक्शन से खून निकाल काली मां के मंदिर चढ़ाया; 100 लोग बनाए शिकार

Spread the love

हरियाणा के कैथल में एक महिला तांत्रिक ने परिवार पर जादू टोना बताते हुए एक करोड़ सात लाख रुपए ठग लिए। महिला ने पहले परिवार पर भारी विपदा होने का बहाना बनाकर अपने झांसे में लिया। जब परिवार महिला के विश्वास में आ गया तो उनके ऊपर जादू टोना होने की बात करना शुरू कर दिया। यहीं नहीं, तांत्रिक महिला ने इंजेक्शन से पूरे परिवार का खून भी निकलवा लिया। बहाना बनाया गया कि बली देने के लिए काली माता के मंदिर में खून चढ़ाना है। महिला परिवार को यह कहकर डराती रही कि कोई उनके पूरे परिवार का सर्वनाश करा देगा। महिला ने झाड़-फूक करने के लिए परिवार से और रुपए की डिमांड की। इसके बाद परिवार को शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को इसकी शिकायत कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला, उसके पति, बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अब सिलसिलेवार पढ़िए, महिला ने परिवार को कैसे झांसे में लिया 2-3 साल तक पिता बीमार रहे कैथल के बुढ़ाखेड़ा गांव के रहने वाले अमनदीप ने सदर थाने में दी शिकायत में बताया कि उनके पिता सुखबीर सिंह (दिवंगत) को 2-3 साल से सिर दर्द और चक्कर आने की परेशानी थी। लगातार इलाज के बाद भी कोई समाधान नहीं मिल रहा था। परिवार में भी कई बार झगड़े होते रहते थे। काली माता के मंदिर में बलि देने को कहा अमनदीप ने बताया कि पिता की बीमारी के दौरान ही पता चला कि गांव की ही सुमन झाड़-फूंक करती है। इसके बाद हम सुमन के पास चले गए। सुमन ने बताया कि किसी ने घर में जादू टोना करा रखा है। इसके लिए काली माता के लिए बलि देनी पड़ेगी और बाबा भैरों नाथ का मंदिर बनवाना पड़ेगा। इसके लिए तुम्हे बार-बार मेरी चौकी पर आना पड़ेगा। 76 लाख रुपए ऑनलाइन किए अमनदीप ने आगे कहा कि पिता अधिक बीमार थे, इसीलिए पिता के ठीक होने के लिए सुमन के कहने पर अपनी जमीन बेचकर करीब 50 लाख रुपए इकट्ठे कर लिए। बैंक से FD भी तुड़वाई। इसके बाद सुमन को 76 लाख रुपए कैश और 7 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। चामुंडा देवी के मंदिर में चढ़वाया खून अमनदीप के अनुसार, रुपए मिलने के बाद परिवार को चामुंडा देवी धाम ले गई। यहां उसने इंजेक्शन से सभी का खून निकाला और मंदिर में चढ़ा दिया। सुमन ने हमें कहा कि उसने मंदिर बनाने के लिए जमीन खरीद ली है। जब मंदिर तैयार हो जाएगा तो उसके लिए सोना का छत्र देना होगा। आरोपी ने जमीन और ट्रैक्टर खरीदा अमनदीप ने बताया कि आरोपी सुमन को इतने रुपए देने के बाद हमारे पास कुछ नहीं बचा। अब तक महिला को करीब 80 लाख रुपए दे चुके। आरोपी ने हमारे पैसों से न कोई मंदिर बनवाया न ही परिवार की स्थिति ठीक हुई। बल्कि हमारे रुपए से अपने लिए जमीन और नया ट्रैक्टर खरीद लिया। रुपए देने के बाद भी आरोपी महिला ने हमसे 32 तोले चांदी और 6 तोले सोने ज्वेलरी ले ली। 100 से अधिक लोगों से ठगी की महिला की शिकायत लेकर बुढ़ाखेड़ा के लोग सदर थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि सुमन का पति बलराज, बेटा वंश और उचाना निवासी संजीव मिलकर लोगों को ठगते हैं। काला माता के नाम पर लोगों के बॉडी से खून निकालते हैं। ग्रामीण रमेश ने बताया कि जादू टोना करने के लिए हरिद्वार, कुरुक्षेत्र, पटियाला और बागड़ जैसी जगह जाकर तांत्रिक क्रिया करते हैं। आरोपियों ने अबतक 100 से अधिक लोगों से करीब 4 करोड़ रुपए ऐंठ लिए। PSI बोले- बैंक अकाउंट की जांच कर रहे सदर थाना के जांच अधिकारी PSI मनु ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, मामले की जांच की जा रही है। जांच के अधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित और महिला के बैंक अकाउंट की जांच की जा रही है।