महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार में बिल्डिंग गिरने से मरने वालों की संख्या 17 हो गई है। विरार इलाके के विजय नगर में 26 अगस्त की रात 12.05 बजे लगभग 50 फ्लैटों वाला चार मंजिला रमाबाई अपार्टमेंट के 12 फ्लैट बगल में एक खाली पड़े मकान पर ढह गए। कल 12 लोगों की मौत की पुष्टि की गई थी। आज रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 5 लोगों के शव मिले। 9 लोग घायल हैं। हादसे के वक्त चौथी मंजिल पर एक साल की बच्ची की जन्मदिन की पार्टी चल रही थी, तभी हादसा हुआ। इसमें बच्ची, उसकी मां और कई मेहमानों की भी मौत हाे गई है। लोगों की शिकायत पर बिल्डर गिरफ्तार पालघर की जिला कलेक्टर डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने गुरुवार सुबह पुष्टि की कि इस घटना में वह बच्ची भी शामिल है, जिसका जन्मदिन उस समय मनाया जा रहा था। घायल हुए और बचाए गए 9 लोगों का इलाज चल रहा है। टीमें मलबे की जांच कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि कोई और व्यक्ति फंसा तो नहीं है। स्थानीय लोगों ने बिल्डर और अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों ने मांग की है कि जांच की जाए कि अनाधिकृत बिल्डिंग इतने सारे निवासियों को कैसे रहने दिया गया। वीवीएमसी की शिकायत पर पुलिस ने बुधवार को बिल्डर को गिरफ्तार कर लिया। आस-पास की चॉल भी खाली कराए जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विवेकानंद कदम ने बताया कि 2012 में निर्मित रमाबाई अपार्टमेंट में 50 फ्लैट हैं और ढहे हुए हिस्से में 12 अपार्टमेंट थे। एहतियात के तौर पर, इमारत के आसपास की सभी चॉल खाली करा दी गई हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। वसई विरार नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त संजय हिरवाड़े ने कहा, “निवासियों का कहना है कि 2 लोग लापता हैं और उन्हें खोजने के लिए बचाव अभियान जारी है। प्रभावित परिवारों को चंदनसर समाजमंदिर में अस्थायी रूप से रखा गया है। उन्हें खाना, पानी, चिकित्सा सहायता और बाकी जरूरी सेवाएं दी जा रही हैं।
विरार में बिल्डिंग गिरी, अब तक 17 मौतें:आज 5 शव मिले, 9 घायल; हादसे के वक्त चौथी मंजिल पर बर्थडे पार्टी चल रही थी
