मेरठ में 35 स्कूली बच्चों से भरी स्कूली बस बुधवार सुबह साढ़े सात बजे सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में 10 से अधिक बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग दौड़कर पहुंचे। शीशे तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला। कई बच्चे सीटों के बीच फंसे हुए थे। घायल बच्चों को बाइक और एंबुलेंस से एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, ज्यादातर बच्चों को हल्की चोटें आई हैं। बस सेंट मैरी एकेडमी की थी। हादसा काली नदी के पास सड़क पर हुआ। बस में बच्चों के बैग और किताबें बिखरी नजर आईं। हादसे के बाद बच्चे घबरा गए। जोर-जोर से रोने लगे। आसपास के लोगों ने बच्चों को किसी तरह शांत कराया। परिजनों को सूचना दी। कई अभिभावक अस्पताल और स्कूल पहुंच गए। प्रिंसिपल ऑफिस का घेराव किया और नारेबाजी की। पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद ड्राइवर भाग गया है। जल्द ही उसके पकड़ा जाएगा। क्रेन बुलाकर बस को खाई से निकलवाया गया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। चिंदौड़ी के रहने वाले छात्र अक्षुण ने बताया- ड्राइवर अंकल मोबाइल देख रहे थे, तभी बस पलट गई। कई बच्चों को चोट लगी है। बस पलटते ही शीशे टूट गए। मैं किसी तरह बाहर निकल पाया। हादसे की तस्वीरें देखिए- परिजन ने थाने में शिकायत की, कहा- शराब पीकर बस चला रहा था ड्राइवर
चिंदौड़ी के रहने वाले पैरेंट्स राहुल कौशिक ने दौराला थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत में उन्होंने कहा- बुधवार सुबह साढ़े सात बजे सेंट मैरी एकेडमी की स्कूल बस (UP-14-DT-7487) चिंदौड़ी, चरला और लावड़ के पढ़ने वाले बच्चों को लेकर स्कूल आ रही थी। बस लावड़ का रहने वाला रूमान नाम का ड्राइवर चला रहा था। वह शराब के नशे में बहुत तेज और लापरवाही से बस चला रहा था। ड्राइवर की लापरवाही से बस अझौता मोड़ पर खाई (सड़क किनारे के गड्ढे) में पलट गई। हमें बस पलटने की जानकारी मिली तो हमने स्कूल प्रशासन को बताया, लेकिन उनकी ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। वाहनों की फिटनेस खत्म होने के बाद भी स्कूल प्रशासन लापरवाही बरत रहा है। बच्चों के जीवन से खिलवाड़ कर रहा है। स्कूल बोला- ट्रक को बचाने में बस पलटी
सेंट मैरी एकेडमी के मैनेजमेंट से जुड़े संजय ने बताया- चिंदौड़ी से बच्चे लेकर बस आ रही थी। बता रहे हैं कि ट्रक की टक्कर से बचने के चक्कर में ड्राइवर बस को रॉन्ग साइड ले गया। इसके चलते बस पटल गई। फिलहाल, हम जांच करा रहे हैं। बच्चों के परिजनों ने क्या कहा, पढ़िए SDM बोले- बस की फिटनेस सही
SDM उदित नारायण सेंगर ने बताया-बस पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जो बच्चे भर्ती हुए हैं, उनकी जांच कराई गई। सौभाग्य से किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं लगी है। उन्होंने कहा- कक्षा-6 की छात्रा लावण्या का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बाकी सभी बच्चों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। हादसे की जांच की जा रही है। बस की फिटनेस सही है, लेकिन हादसा किस कारण से हुआ, इसकी जांच कराई जा रही है। घटनास्थल पर पहुंचे ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर (BEO) शिव कुमार ने कहा- शासन ने एक पोर्टल बनाया है। इसमें हर स्कूल में लगे वाहनों की फिटनेस, रजिस्ट्रेशन के कागजात और ड्राइवर का विवरण भरना है। इसकी अंतिम तिथि 15 अप्रैल है। इसी के अनुसार वाहन सड़क पर चलेंगे। ARTO राजेश कर्दम ने कहा- स्कूल बस के पलटने की जानकारी मिली थी। कुछ लोग बता रहे हैं ड्राइवर मोबाइल देख रहा था जबकि कुछ लोगों ने कहा- बच्चे आगे बैठे थे तो बस स्वत: पलट गई। 1 अप्रैल से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। गाड़ी के पेपर सभी सही हैं। सेंट मैरी एकेडमी के प्रबंधक लारेंस ने बताया- हमे सूचना मिली कि स्कूल से कुछ दूरी पर बस स्लीप करके गड्ढे में पलट गई थी। करीब 36 बच्चे थे। इसमें 15 से 16 बच्चों को चोट लगी है। मैं और प्रिंसिपल और संजय जी मौके पर पहुंचे और बच्चों को स्कूल में ले आए। यहां फर्स्ट एड देकर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। ट्रांसपोर्ट के बारे में मिस्टर आसिफ जो कि बस के ऑनर हैं। उन्होंने एक ड्राइवर की शिकायत की थी जो शराब पीता है। हमने उसे हटा दिया था। अब भास्कर के सबसे बड़े सर्वे में हिस्सा लीजिए… यूपी में विधायकों के 4 साल पूरे हो चुके हैं। क्या आपके मौजूदा विधायक को 2027 के विधानसभा चुनाव में टिकट मिलना चाहिए? भास्कर सर्वे में हिस्सा लेकर बताइए… ——————————
ये खबर भी पढ़ें 17 साल की लड़की बोली- बाबा ने मेरा रेप किया; मथुरा में सड़क पर सिपाही को आवाज दी- ऑटो बुला दो, थाने जाना है मथुरा में 17 साल की लड़की ने रेप का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। लड़की जोर-जोर से चिल्लाती रही- इस बाबा ने मेरे साथ रेप किया है। लड़की की चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। पढ़िए पूरी खबर
मेरठ में स्कूल बस पलटी, बच्चे चिल्ला-चिलाकर रोए:शीशा तोड़कर 35 बच्चों को निकाला; बोले- ड्राइवर अंकल मोबाइल देख रहे थे
