उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा जोधपुर–फुलेरा रेलखंड पर मेडता रोड स्टेशन यार्ड में समपार फाटक संख्या 100 पर रेलवे अंडर ब्रिज (आरयूबी) निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के चलते रेलवे की ओर से ब्लॉक लिया जाएगा, जिसके कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इसका असर महेंद्रगढ़ जिले के यात्रियों पर भी पड़ेगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि निर्माण कार्य के चलते कुछ रेल सेवाएं आंशिक रूप से रद, मार्ग परिवर्तित तथा रेगुलेट रहेंगी। इन ट्रेनों का ठहराव महेंद्रगढ़, सतनाली, नारनौल और अटेली रेलवे स्टेशनों पर होता है। रद रहेगी ये दो ट्रेनें उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 22422 जोधपुर–दिल्ली सराय एक्सप्रेस 24 मई 2026 को जोधपुर के स्थान पर डेगाना से संचालित होगी। इस कारण यह ट्रेन जोधपुर से डेगाना के बीच आंशिक रूप से रद रहेगी। वहीं गाड़ी संख्या 22421 दिल्ली सराय–जोधपुर एक्सप्रेस भी 24 मई को दिल्ली से चलकर केवल डेगाना तक ही जाएगी और डेगाना से जोधपुर के बीच आंशिक रद रहेगी। इन दोनों ट्रेनों का महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर नियमित ठहराव होता है, इसलिए जिले के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। नारनौल के यात्री भी होंगे परेशान इसके अलावा गाड़ी संख्या 14087 दिल्ली–जैसलमेर एक्सप्रेस 24 मई को दिल्ली से चलकर परिवर्तित मार्ग फुलेरा–अजमेर–मारवाड़ जंक्शन–जोधपुर के रास्ते संचालित होगी। मार्ग परिवर्तन के कारण यह ट्रेन अजमेर, मारवाड़ जंक्शन, पाली मारवाड़ और लूनी स्टेशनों पर भी ठहरेगी। इस ट्रेन का ठहराव अटेली और नारनौल स्टेशनों पर होता है, इसलिए इन क्षेत्रों के यात्रियों को भी समय में बदलाव की जानकारी पहले से लेने की सलाह दी गई है। एक गाड़ी को रोका जाएगा रास्ते में रेलवे प्रशासन के अनुसार कुछ ट्रेनों को रास्ते में रोका भी जाएगा। गाड़ी संख्या 15624 कामाख्या–भगत की कोठी एक्सप्रेस 22 मई को कामाख्या से चलकर रतनगढ़ और मेडता रोड के बीच लगभग दो घंटे तक रेगुलेट रहेगी। इस ट्रेन का महेंद्रगढ़ और सतनाली स्टेशनों पर ठहराव होता है। 30 मिनट तक रहेगी रेगुलेट इसी तरह गाड़ी संख्या 22481 जोधपुर–दिल्ली सराय सुपरफास्ट एक्सप्रेस 24 मई को जोधपुर से चलकर जोधपुर–मेडता रोड के बीच करीब 30 मिनट तक रेगुलेट रहेगी। इस ट्रेन का भी महेंद्रगढ़ स्टेशन पर ठहराव है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
रेलवे ब्लॉक के कारण महेंद्रगढ़ जिले के यात्रियों पर असर:मई में कई ट्रेनें आंशिक रद व मार्ग परिवर्तित, जोधपुर–फुलेरा रेलखंड पर बनेगा आरओबी
