कोबरा सांप से खेल रहे व्यक्ति की मौत:करनाल के श्मशान घाट में पकड़ा, गले में डालकर करतब दिखा रहा था, तभी डंसा

Spread the love

हरियाणा के करनाल में एक व्यक्ति की सांप के डंसने से मौत हो गई। व्यक्ति श्मशान घाट से कोबरा सांप पकड़कर उसे गले में डालकर करतब दिखा रहा था। इसी दौरान सांप ने उसे डंस लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे घर ले गए, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। बाद में स्नेक्मैन ने उस सांप को पकड़ लिया। मृतक की पहचान संडीर गांव निवासी राजेंद्र (35) के रूप में हुई है। परिवार का कहना है कि राजेंद्र को सांप पकड़ने का शौक था। जहां भी उसे सांप दिखता था, वह उसे पकड़कर खेलने लगता था। गांव में लोग भी उसे जहरीला नाम से जानते थे। कई बार वह सांप की पूंछ पर रस्सी बांधकर उसे घुमाता था। जानिए राजेंद्र की मौत कैसे हुई… श्मशान घाट में मजदूरों ने सूचना दी राजेंद्र संडीर गांव में अपने भाई, भाथी और भतीजों के साथ रहता था। वह मजदूरी करता था। रविवार को गांव के श्मशान घाट में निर्माण कार्य चल रहा था। वहां काम पर लगे मजदूरों ने सरपंच को सांप होने की सूचना दी। सरपंच ने उन्हें सांप से दूर रहने की हिदायत दी और एक व्यक्ति को उसकी निगरानी के लिए बिठा दिया। राजेंद्र ने पहुंचकर सांप पकड़ा सरपंच ने सांप को पकड़ने के लिए स्नेकमैन सतीश फफड़ाना को फोन कर दिया। सतीश को आधे घंटे में गांव पहुंचना था। इसी दौरान राजेंद्र को सूचना मिल गई कि गांव के श्मशान घाट में सांप निकल आया है। वह तुरंत वहां पहुंच गया। उसने लोगों की बात सुने बिना सांप को पकड़ लिया। वहां मौजूद मजदूरों ने उसे ऐसा न करने को कहा, लेकिन वह नहीं माना। खेलते हुए सांप ने डंसा ग्रामीणों के मुताबिक, राजेंद्र ने सांप को उठाकर अपने गले में डाल लिया और उससे खेलने लगा। तभी सांप ने उसे डंस लिया। इसके बाद राजेंद्र ने सांप को वहीं छोड़ दिया और चला गया। कुछ दूरी पर चलने के बाद राजेंद्र जमीन पर गिर गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना राजेंद्र के परिवर को दी। डॉक्टर ने मृत घोषित किया परिवार के लोग उसे घर ले गए। वहां उसकी तबीयत और बिगड़ गई। परिवार ने डॉक्टर को बुलाया। जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद स्नेकमैन सतीश फफड़ाना भी मौके पर पहुंच गए और सांप को पकड़ लिया। वह कोबरा सांप था।