शाहजहांपुर में एक आंगनबाड़ी कार्यकत्री की बुधवार को तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। शव को एम्बुलेंस से घर लाते समय महिला की बेटी ने एक वीडियो बनाया। वह रो रही थी। बार बार कह रही थी कि ‘मेरी मम्मी नहीं रहीं। उन्हें इतनी टेंशन दी, इतनी टेंशन दी की वो परेशान रहती थीं।’ बेटी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) अरविंद कुमार और नगर निगम के एक बाबू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बेटी का कहना है कि उसकी मां बीएलओ की ड्यूटी कर रही थीं। काम का अत्यधिक दबाव बनाया गया। उन्हें 4 महीन से सैलरी नहीं मिल रही थी। जब मां ने डीपीओ से शिकायत की तो उन्हें डांटा गया। उस वक्त वह भी मां के साथ ऑफिस गई थी। बेटी के अनुसार, डीपीओ ने कहा- तुम लोग बेवकूफ बनाती हो। इसके बाद मेरी मां टेंशन में थीं। उनकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। मामले में डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए है। अब जानिए पूरा मामला… थाना सदर बाजार क्षेत्र के गदियाना निवासी 45 साल की प्रीति एमनजई जलालनगर के बूथ नंबर 118 पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री थीं। प्रीति अपने पति संतोष, बेटी स्मिता और एक बेटे के साथ रहती थीं। वह बीएलओ की ड्यूटी कर रहीं थी। बुधवार को बीमार होने पर परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर गए थे। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वापस घर आते समय प्रीति की बेटी स्मिता ने एंबुलेंस के अंदर से वीडियो बनाया, जो गुरुवार को सामने आया। इसमें उसने आरोप लगाया कि पिछले 4 महीने से उनकी मां को सैलरी नहीं मिली थी। डीपीओ और नगर निगम का बाबू उन पर लगातार काम का दबाव बना रहे थे। स्मिता के अनुसार, उनकी मां का बैंक खाता बंद हो गया था। जब वे खाता अपडेट करवाने डीपीओ कार्यालय गईं, तो डीपीओ ने उन्हें और उनकी मां को बुरी तरह डांटा। अपमानित किया। डीपीओ ने कहा, तुम दोनों हमें बहुत बेवकूफ बनाती हो। तुम लोग बहुत दिमाग चलाती हो। तुम लोग बहुत चालू हो। तबीयत खराब होने के बावजूद मां से काम कराया गया
बेटी का आरोप है कि इस घटना के बाद से उनकी मां तनाव में रहने लगीं। उनका खाता भी अपडेट नहीं हो पाया। नगर निगम का बाबू रोज-रोज बुलाकर काम का दबाव बनाता रहा। बार-बार तबीयत खराब होने की बात कहने पर भी अधिकारी डीएम से शिकायत करने की धमकी देते थे। इसी तनाव के चलते उनकी मां की तबीयत बिगड़ती चली गई और बुधवार की शाम निधन हो गया। मेरी पत्नी का अकाउंट अपडेट तक नहीं किया
पति संतोष ने बताया, हर जगह मेरी पत्नी और बेटी जाती थीं। आफिस जाती थीं, विकास भवन जाती थीं। नगर निगम में भी बात होती थी। पत्नी का अकाउंट बंद हो गया था। 4 महीने से सैलरी नहीं मिल रही थी। अकाउंट चढ़वाने के लिए कई चक्कर लगाए, लेकिन आज तक अकाउंट नही चढ़ पाया। अब उन्होंने बुधवार को कहा था कि अकाउंट चढ़वा दिया है, लेकिन वह झूठ बोल रहे हैं। सैलरी मिल नहीं रही थी। काम का बोझ बहुत ज्यादा था, काम नही करने पर शिकायत की धमकी दी जाती थी। इसलिए ये अंदर से ही टूटती रहीं। डीएम बोले- जांच के आदेश दिए हैं वीडियो सामने आने के बाद डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा, मैने वीडियो देखा है। ये बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मेरी पूरी सिम्पैथी परिवार के साथ है। उन्होंने जो भी आरोप लगाए हैं, इन सभी की जांच नगर मजिस्ट्रेट को दी गई है। निर्देश दिए गए हैं कि सबसे बातचीत कर पूरी इंक्वायरी करके उसी रिपोर्ट पेश करें। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जो भी सहायता प्रशासन द्वारा परिवार को दी जा सकती है, उस पर काम किया जा रहा है। डीपीओ अरविंद कुमार से उनका पक्ष जानने के लिए रात 9 बजकर 42 मिनट पर फोन किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। ————————— यह खबर भी पढ़ें… 27 साल की महिला का हेलमेट समेत सिर कटकर अलग, उन्नाव में ट्रक गर्दन पर चढ़ा; भतीजी बाल-बाल बची; दुबई में रहता है पति उन्नाव में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से गुरुवार दोपहर स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। महिला अपनी 6 साल की भतीजी के साथ बाजार गई थी। रास्ते में ट्रक ने पीछे से स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे महिला और उसकी भतीजी सड़क पर गिर गई। तभी ट्रक का पहिया महिला की गर्दन से गुजर गया। महिला का सिर हेलमेट समेत धड़ से अलग हो गया। हादसे में बच्ची बाल-बाल बची है। लेकिन वह सदमे में है। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर
आंगनबाड़ी कार्यकत्री की मौत, लाश से लिपटकर रोई बेटी:शाहजहांपुर में बोली- DPO ने डांटा था; 4 महीने से सैलरी नहीं मिली, टेंशन में जान गई
