मुरादाबाद पुलिस ने बुधवार रात कारोबारी से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने वाले बदमाश को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। आशु उर्फ मोंटी उधम सिंह गैंग का शार्प शूटर था। उसपर हत्या-लूट समेत 33 मुकदमे दर्ज थे। सिविल लाइंस इलाके में पोस्टमॉर्टम हाउस के पास एनकाउंटर हुआ। आशु रंगदारी के मामले में फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। पुलिस उसे पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बुधवार रात सिविल लाइंस इलाके में घेराबंदी की। पोस्टमॉर्टम हाउस के पास पुलिस को देखकर वह बाइक से भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में बदमाश को 2 गोली लगी। इनमें एक गोली सीधे सीने में जा लगी। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं, एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया। जिसकी तलाश में पुलिस टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। वेस्ट यूपी का कुख्यात अपराधी उधम सिंह 4 साल, 8 माह और 5 दिन बाद 26 मार्च को जेल से जमानत पर बाहर आया था। उसकी रिहाई के बाद मेरठ पुलिस ने अलर्ट जारी किया था, जिसके बाद से वेस्ट यूपी के तमाम जिलों की पुलिस अलर्ट मोड पर थी। ऐसे उधम सिंह के संपर्क में आया
साल 2010 में आशु चड्ढा उर्फ मोंटी एक हत्या के मामले में जेल गया था। जेल में रहते हुए उसका संपर्क कुख्यात उधम सिंह गैंग के लोगों से हुआ। बाहर आने के बाद वह इस गैंग का सक्रिय सदस्य बन गया। जमानत मिलने के बाद वह लगातार लूट और हत्या की घटनाओं को अंजाम देने लगा। इसके कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई थानों में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हो गए। होम डेकोर के आइटम विदेशो में करते हैं एक्सपोर्ट
शुभम ग्रीन विला निवासी अरशू ढल की बजीरचंद एक्सपोर्ट्स के नाम से फर्म है। वह ब्रास, ग्लास और वुडन के होम डेकोर आइटम बनाकर दुनियाभर के 125 से अधिक देशों को एक्सपोर्ट करते हैं। अरशु ने पुलिस को बताया-12 मार्च की रात करीब 8 बजे मेरे मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से मिस्ड कॉल आई। लगभग एक मिनट बाद व्हाट्सएप पर फिर से कॉल आई। जब मैंने कॉल रिसीव की, तो सामने वाले ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। इसके बाद मैंने कॉल काट दी। थोड़ी देर बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर मैसेज भेजा और कहा कि जल्द से जल्द पांच करोड़ रुपए का इंतजाम करें। 14 मार्च को दोपहर करीब ढाई बजे आरोपी ने फिर से व्हाट्सएप मैसेज किया और धमकी दी कि तुम उधम सिंह को नहीं जानते। रकम नहीं दी तो जान से मार देंगे। इसके अगले ही दिन बाइक सवार बदमाश मेरे एक्सपोर्ट फैक्ट्री के गेट पर पहुंचकर फायरिंग कर दी। गार्ड ने दर्ज कराई थी फायरिंग की रिपोर्ट
गेट पर फायरिंग की घटना के बाद सिक्योरिटी गार्ड उमेश ने सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई। एसएसपी मुरादाबाद सतपाल अंतिल पहले मेरठ में तैनात रहे हैं। ऐसे में वह उधम सिंह गैंग से पूरी तरह वाकिफ थे। इसके बाद उन्होंने गैंग का पता लगाने के लिए 5 अंडरकवर टीमों को विशेष टीमें गठित की। जमानत पर जेल से बाहर आया था
हापुड़ जिले के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के मीरापुर गांव का रहने वाला आशू उर्फ मोंटी हाल ही में जेल से जमानत पर छूटा था और इसके बाद से फरार था। पुलिस उसकी लगातार निगरानी कर रही थी। बुधवार रात करीब 9 बजे आशू मुरादाबाद के अरशु ढल के पास रंगदारी लेने के लिए पहुंचा। जैसे ही वह पोस्टमॉर्टम हाउस के पास पहुंचा, पुलिस ने उसे घेर लिया। खुद को घिरता देख आशू ने पुलिस टीम पर गोली चलानी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आशू उर्फ मोंटी को दो गोलियां लगीं, जिनमें से एक गोली सीने में लगी। वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
8 साल में 259 अपराधियों को एनकाउंटर में ढेर किया
राज्य सरकार के अनुसार, मार्च 2017 से अक्टूबर 2025 तक यूपी पुलिस ने 259 अपराधियों को एनकाउंटर में ढेर किया है। इस दौरान 15,000 से अधिक पुलिस एनकाउंटर हुए, जिनमें 31,000 से ज्यादा अपराधी गिरफ्तार हुए और 10,000 से अधिक को गोली मारी गई।
ये खबर भी पढ़ें… बहराइच में महिला ने सिपाही को थप्पड़ मारे, VIDEO: विवाद सुलझाने आई पुलिस टीम पर हमला बहराइच में विवाद सुलझाने आई डायल-112 की टीम पर महिलाओं ने हमला कर दिया। महिला ने सिपाही को 2 थप्पड़ मारे। इसके बाद सिपाही ने भी महिला को एक थप्पड़ जड़ दिए। इस बीच वहां अफरा-तफरी का माहौल रहा। लोगों ने महिला को वहां से हटाया, तभी आगे आकर उसने सिपाही को एक और थप्पड़ मार दिया। ग्रामीणों ने किसी तरह मामला शांत कराकर पुलिस वालों को बचाया। पढ़ें पूरी खबर…
5 करोड़ की रंगदारी मांगने वाला शूटर एनकाउंटर में ढेर:मुरादाबाद में 50 हजार का इनामी था, हत्या-लूट समेत 36 मुकदमे दर्ज थे
