पानीपत में पकड़ी 12वीं की परीक्षा में सामूहिक नकल,VIDEO:CCTV से खुली पोल; 32 छात्रों पर केस, स्टाफ और पुलिसकर्मियों पर FIR की सिफारिश

Spread the love

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) की 12वीं कक्षा की परीक्षा के अंतिम दिन पानीपत जिले के इसराना और डाहर परीक्षा केंद्रों पर सामूहिक नकल करवाने का मामला सामने आया है। बुधवार को यहां IT (इन्फोर्मेशन टेक्नॉलोजी) और NSQF (नेशनल स्किल्स क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क) विषय की परीक्षा थी। बोर्ड चेयरमैन की स्पेशल रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) टीम को छापेमारी में सीसीटीवी कैमरे बंद होने पर शक हुआ। इसके बाद लेटेस्ट और पुरानी वीडियोज की जांच की गई तो ड्यूटी पर तैनात स्टाफ और पुलिस की मिलीभगत से सामूहिक नकल करने का मामला पकड़ में आया। दोनों परीक्षा केंद्रों का एक वीडियो देर रात जारी हुआ, जिसमें स्टूडेंट सामूहिक नकल करते हुए दिखाई रहे है। टीचर के सामने ही ये बच्चे एक दूसरे की कॉपी, बुक और अन्य साधनों से नकल करते हुए दिखाई दे रहे है। फिलहाल, इस मामले में बोर्ड की ओर से 2 छात्रों पर केस दर्ज कर लिया गया है, जबकि स्टाफ और पुलिस पर FIR की सिफारिश की गई है। साथ ही परीक्षा को भी रद्द करने की सिफारिश की गई है। पानीपत में सामूहिक नकल के कुछ PHOTOS…. इसराना केंद्र: सीसीटीवी बंद करके चल रहा था नकल का खेल इसराना परीक्षा केंद्र पर नकल का एक पूरा नेटवर्क सक्रिय पाया गया। जांच टीम के अनुसार, यहां परीक्षा शुरू होते ही योजनाबद्ध तरीके से सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए जाते थे। टीम को मिली फुटेज में स्पष्ट है कि टीम के पहुंचने से पहले कैमरे बंद थे और उनके आते ही उन्हें आनन-फानन में चालू किया गया। परीक्षाओं के अंतिम दिन (IT और NSQF विषय) भी यहां खुलेआम नकल जारी थी। टीम ने मौके पर 32 छात्रों को रंगे हाथों पकड़कर उनके खिलाफ यूएमसी (UMC) के केस दर्ज किए हैं। जांच में मुख्य केंद्र अधीक्षक (स्कूल इंचार्ज), अन्य अध्यापकों और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की कथित संलिप्तता सामने आई है। डाहर केंद्र: बिना आईडी कार्ड के ड्यूटी मिले टीचर और लिपिक डाहर परीक्षा केंद्र पर भी निरीक्षण के दौरान नियमों की धज्जियां उड़ती मिलीं। यहां कई अध्यापक और लिपिक बिना किसी आधिकारिक पहचान पत्र (ID Card) के ड्यूटी करते पाए गए। जांच टीम ने विद्यालय प्राचार्य को अपने कर्तव्यों के प्रति गंभीर रूप से लापरवाह पाया है। संवेदनशील परीक्षा कार्य में बरती गई इस ढिलाई को बोर्ड ने गंभीरता से लिया है। परीक्षा केंद्रों पर ऐसे चल रहा था नकल का खेल चेकिंग टीम से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि इस केंद्र पर पहले ही पेपर से नकल चल रही थी। यहां टीम जब चेकिंग के लिए पहुंचती थी, तब बच्चे बिल्कुल सलीके से बैठकर परीक्षा दे रहे होते थे और सीसीटीवी कैमरे भी दुरुस्त थे। मगर, जब टीम ने सीसीटीवी कैमरे की चेकिंग की तो उसमें सामने आया कि विभिन्न परीक्षाओं के दौरान चेकिंग टीम न होने की स्थिति में कैमरे बंद होते थे और यहां नकल का खूब खेल खेला जाता था । कहीं परीक्षाओं की CCTV फुटेज रिकॉर्ड होने की स्थिति में मिल गई है। जारी की गई वीडियो 12 मार्च की है, इसके बाद भी हुई परीक्षाओं में नकल चली है। एफआईआर के साथ-साथ परीक्षाएं रद्द करने की भी सिफारिश मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल RAF टीम ने कड़े कदम उठाने की अनुशंसा की है। इसराना केंद्र पर शुचिता भंग होने के कारण पुरानी परीक्षाओं को रद्द करने की सिफारिश की गई है। दोषी मुख्य केंद्र अधीक्षक, स्टाफ और संबंधित पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ FIR दर्ज करने की सिफारिश की गई है। डाहर के प्राचार्य, अध्यापकों और लिपिकों के विरुद्ध भी सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात कही गई है। पूर्व में भी पकड़े जा चुके सामूहिक नकल के मामले… पांच दिन पहले सोनीपत में लेडी टीचर नकल कराते पकड़ी गई थी करीब पांच दिन पहले सोनीपत के गांव बिधलान स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 2 लेडी टीचर मंजू देवी और वीणा कुमारी 12वीं भूगोल की परीक्षा में नकल करातीं पकड़ ली गईं थी। बोर्ड चेयरमैन की स्पेशल रैपिड एक्शन फोर्स (SRAF) ने इसका भंडाफोड़ किया था। हैरानी की बात यह रही कि एग्जाम खत्म होने के बाद एक कमरे में 24 स्टूडेंट को बैठाकर यह नकल करवाई जा रही थी। बाकी कमरों से विद्यार्थी स्कूल से जा चुके थे। नकल कराने में पकड़ी गई दोनों लेडी टीचर स्कूल में ही तैनात है, जो एक चपरासी के हेल्प से नकल करा रही थी। टीम को देखकर दोनों लेडी टीचर मुंह छुपाकर भागने लगी थी। तीनों ने टीम से धक्का-मुक्की भी की। इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस को शिकायत दी गई थी। चरखी दादरी में टीचर के सामने छात्राओं ने की थी नकल बता दें कि इससे पहले चरखी दादरी के बाढ़ड़ा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से नकल का वीडियो सामने आया था। दो दिन की परीक्षाओं के सीसीटीवी चेक किए गए तो मामला सामने आया। वीडियो में स्टूडेंट टीचर के सामने ही नकल करते दिखाई रहे हे। एक दूसरे की कॉपी तक बदल दे रहे हैं। कुछ छात्राएं तो एक ही स्थान बैठकर नकल कर रही है, जबकि टीचर उनके आसपास घूम रहा है। एक छात्रा तो प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिका लेकर बाहर चली जाती भी दिखाई दे रही है। सोनीपत में मिला था मिड-डे मील वर्कर का फर्जी आईकार्ड बोर्ड चेयरमैन की स्पेशल रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) ने ही छापेमारी कर सोनीपत के कुंडली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के दो कमरों में सामूहिक नकल पकड़ी थी। जब आरएएफ यहां पहुंची तो समय से पहले ही प्रश्नपत्र बंटा पड़ा था, सीसीटीवी कैमरे भी बंद थे। वहीं, मिड-डे मील वर्कर का फर्जी आईकार्ड बनाया हुआ भी मिला। टीम ने एक्शन लेते हुए सामूहिक नकल के छह मामले दर्ज किए और ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर 6 टीचर्स तुरंत प्रभाव से हटा दिए थे। ———————
ये खबर भी पढ़ें…. हरियाणा बोर्ड परीक्षा, सोनीपत में सामूहिक नकल पकड़ी:RAF की छापेमारी, 6 टीचर्स हटाए; दादरी में झुंड बनाकर नकल करते VIDEO आया था हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से चल रही परीक्षाओं के बीच सोनीपत में सामूहिक नकल पकड़ी गई। बोर्ड चेयरमैन की स्पेशल रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) ने छापेमारी कर कुंडली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के दो परीक्षा केंद्रों पर सामूहिक नकल पकड़ी। (पूरी खबर पढ़ें)