महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा की अध्यक्षता में आज मंगलवार को जिला लोक संपर्क एवं जन परिवेदना समिति (ग्रीवेंस कमेटी) की मासिक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक दोपहर बाद लघु सचिवालय के पास सभागार में हुई। बैठक में गांव कुतबापुर के अरविंद कुमार की शिकायत पर मंत्री ने गांव की सरपंच मनोज देवी को सस्पेंड करने के आदेश दिए। अरविंद कुमार की शिकायत थी कि सरपंच ने करीब 15 लाख रुपए का गबन किया है। जिसकी जांच विजिलेंस कर रही है, मगर वह बहुत धीरे जांच चल रही है। इस मामले में उन्होंने बीडीपीओ के भी शामिल होने का आरोप लगाया। जिस पर मंत्री ने सरपंच को सस्पेंड करने का आदेश दिया। कनीना नपा सचिव को दी चेतावनी बैठक में मंत्री ने कनीना नगर पालिका के सचिव कपिल व एमई दिनेश को नगर पालिका चेयरपर्सन डॉ. रिंपी लोढ़ा की शिकायत पर कार्रवाई न करने पर चेतावनी दी कि यदि चेयरपर्सन की शिकायतों पर गौर नहीं किया गया तो अगली बार वे उसको सस्पेंड कर देंगे। यह थी चेयरपर्सन की शिकायत चेयरपर्सन रिंपी लोढ़ा ने नप सचिव को शिकायत दी थी कि वार्ड नंबर-6 में हो रहे अवैध अतिक्रमण को हटाया जाए। जिसके बाद सचिव ने केवल वहां पर नोटिस लगा कर कार्रवाई को पूरा कर दिया, जबकि वहां पर अतिक्रमण बरकरार है। इस बारे में बार-बार सचिव को कहने पर भी उसने कोई कार्रवाई नहीं की। इन मामलों की हुई सुनवाई बैठक में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी से संबंधित दो, पुलिस विभाग का एक, अतिरिक्त उपायुक्त का एक, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के दो, दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम का एक तथा नगर परिषद से जुड़े दो मामलों की सुनवाई हुई। इसके अलावा, उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त के दो, सिविल सर्जन का एक, लोक निर्माण विभाग का एक, तहसीलदार कनीना का एक, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक का एक, सहायक खनन अभियंता नारनौल का एक और सचिव नगर पालिका कनीना का एक मामला भी रखा गया।
नारनौल में मंत्री ने सरपंच को किया सस्पेंड:नगर पालिका सचिव को दी चेतावनी, बोले-प्रधान की बात नहीं मानी तो कड़ी कार्रवाई होगी
