झज्जर जिले के गांव ढाकला में जमीन विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया, जहां एक बेटे ने अपने ही 65 वर्षीय पिता को गोली मार दी। घायल की पहचान ईश्वर के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस से रिटायर्ड हैं। जानकारी के अनुसार, देर शाम पिता-पुत्र के बीच जमीन को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी बेटे सतीश ने गुस्से में आकर अपने पिता पर फायरिंग कर दी। गोली ईश्वर के कंधे और एक पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हालत गंभीर, पीजीआई रोहतक रेफर घटना के बाद परिजनों ने घायल ईश्वर को तुरंत झज्जर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है। आरोपी बेटा शिक्षा विभाग में क्लर्क बताया जा रहा है कि आरोपी सतीश शिक्षा विभाग में क्लर्क के पद पर तैनात है। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। गांव में दहशत का माहौल घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
झज्जर में बेटे ने पिता पर की फायरिंग:जमीनी विवाद, रिटायर्ड दिल्ली पुलिसकर्मी को लगी दो गोली, आरोपी शिक्षा विभाग में क्लर्क
