करनाल रेत खदान में ट्रैक्टर पलटा:गर्दन टूटने से चालक की मौत,चार बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

Spread the love

करनाल जिले में नगला फार्म के पास रेत की खदान में ट्रैक्टर पलटने से एक ड्राइवर की मौत हो गई। रेत खींचने के काम के दौरान यह हादसा हुआ। ट्रैक्टर अचानक असंतुलित होकर पलट गया, जिससे ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, शेखपुरा पुलिया निवासी 35 वर्षीय जगदीश उर्फ जग्गी ट्रैक्टर ड्राइवर था और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह नगला फार्म के पास रेत की खान में ट्रैक्टर से रेत निकालने का काम कर रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर अचानक पलट गया और वह उसके नीचे दब गया। हादसे में उसकी गर्दन टूट गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत घायल जग्गी को करनाल के ट्रामा सेंटर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। चार बेटियों का पिता था परिजनों के अनुसार जगदीश उर्फ जग्गी के परिवार में चार बेटियां हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि वह परिवार में अकेला कमाने वाला था। पुलिस कर रही मामले की जांच पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।