हरियाणा के राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग विवाद पर कांग्रेस लगातार घिरी हुई है। एक ओर जहां उसके पांच विधायकों में से 2 ने पार्टी हाईकमान को जवाब नहीं दिया है, चार के वोट रद्द होने का मुद्दा भी लगातार चर्चा में है, वहीं उसके बागी विधायकों ने भी अपने नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है। सत्ता पक्ष भी लगातार कांग्रेस नेतृत्व पर जमकर निशाना साध रहा है। शनिवार को भिवानी पहुंची सिंचाई एवं महिला बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने तो कांग्रेस को हेड लैस चिकन ही बता दिया। कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से हेड लेस चिकन की तरह हो गई है, जिसके पास कोई डायरेक्शन नहीं है। श्रुति यहीं नहीं रुकी, कांग्रेस के लीडर्स पर निशाना साधने हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस मुश्किल से जान बचाकर निकली है, होश संभालने में समय लगेगा। बता दें कि मंत्री अपने दादा चौधरी बंसीलाल की पुण्यतिथि पर श्रद्धा सुमन अर्पित करने पैतृक गांव गोलागढ़ पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने साढ़े 16 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्धघाटन व शिलान्यास भी किया। मंत्री ने हरियाणा कांग्रेस नेतृत्व पर कही दो बड़ी बातें… कांग्रेस को होश संभालने में लगेगा समय : श्रुति चौधरी ने राज्यसभा चुनाव के सवालों पर कहा कि कांग्रेस मुश्किल से जान बचाकर निकली है, होश संभालने में समय लगेगा। आगे कहा कि कभी 4, कभी 5, कभी 9, इनकी क्या रणनीति है, वह नहीं पता। किसको दिखा रहे हैं, किसको छिपा रहे हैं, क्या सोचते हैं….इन लोगों को खुद ही पता नही चल रहा। कांग्रेस वाले बार-बार बयान बदल रहे: श्रुति चौधरी ने आगे कहा कि शुरू में उनके विधायक अरोड़ा निकले थे, तो उन्होंने कहा था कि कोई क्रॉस वोटिंग नहीं हुई। फिर उन्होंने बार-बार बयान बदले, कांग्रेस एक तरह से निष्क्रिय पार्टी को चली है, जैसे हैडलेस चिकन, जिसकी कोई डायरेक्शन नहीं है। अभय चौटाल भी उठा चुके भूपेंद्र हुड्डा पर सवाल दो दिन पहले राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर अभय सिंह चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर सवाल उठाए थे। कहा था कि मतदान के दिन 3 बजे तक कुल 87 वोट डाले जा चुके थे, जिसमें कांग्रेस के भी सभी विधायक वोट डाल चुके थे। उस समय तक विधानसभा स्पीकर और इनेलो के दो वोट समेत 3 वोट नहीं डाले गए थे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा चुनाव में पोलिंग एजेंट थे। कांग्रेस के सभी विधायकों का वोट भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने देखा था। जब 3 बजे तक भूपेंद्र हुड्डा को पता चल गया था कि कांग्रेस के विधायकों ने अपने वोट क्रॉस और कैंसिल किए हैं तो फिर भूपेंद्र हुड्डा ने समय रहते उनके नाम सार्वजनिक क्यों नहीं किए। इसके पीछे भी बहुत बड़ा राज है। क्रॉस वोटिंग के आरोपों में घिरे कांग्रेस विधायकों ने क्या-क्या कहा… मोहम्मद इसराइल : कांग्रेस की ओर से राज्यसभा सीट के लिए कर्मवीर बौद्ध को उम्मीदवार बनाया। बौद्ध मुझे पंसद नहीं थे। मैंने ‘अंतरात्मा की आवाज़’ पर वोट दिया। सीएम किसी पार्टी के नहीं है बल्कि पूरे हरियाणा के हैं। विधानसभा में मैंने अपने क्षेत्र के मुद्दे उठाए। हलके की मांगों को लेकर CM से मिलता रहता हूं। खतों में पानी भरने की समस्या को सीएम साहब ने दूर कराया है। जरनैल सिंह: भूपेंद्र हुड्डा का नाम फतेहाबाद इलाके में जिंदा रखने के लिए अशोक तंवर और कुमारी सैलजा से लड़ाई लड़ी। पार्टी के सभी विधायक चोरी-चोरी CM से मिलने जाते हैं, काम कराते हैं। नायब सैनी बहुत ही बढ़िया मुख्यमंत्री हैं, काम करने वाले हैं। पहले सीएम विपक्ष के विधायकों के घर नहीं जाते थे, लेकिन नायब सैनी ने इतिहास रचते हुए ये शुरुआत की है। शैली चौधरी: क्रॉस वोटिंग करने की बात में सच्चाई नहीं है। साबित हुआ तो मैं राजनीति छोड़ दूंगी। कांग्रेस में पसंद नापसंद का खेल चल रहा है, जिसको ना पसंद किया जाता है तो उनको वह लोग निपटा देते हैं। मैं क्यों इस्तीफा दूं , मेरा फैसला नारायणगढ़ की जनता करेगी। रेनू बाला : मेरे नाम को जानबूझकर राजनीतिक कारणों से उछाला जा रहा है। पहले 13 विधायकों के भाजपा के संपर्क में होने की बात कही गई, फिर यह संख्या 9 बताई गई। उसके बाद 5 नाम सामने आए। इसके पीछे कौन लोग हैं, यह सभी जानते हैं। उन्होंने इशारों-इशारों में भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग हरियाणा की राजनीति को अपने हाथ में लेना चाहते हैं और विधायकों को अपने पीछे लगाकर अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश कर रहे हैं। भिवानी में मंत्री श्रुति चौधरी ने ये भी कहा…. पूर्व सीएम ने क्षेत्र को किया हरा-भरा पत्रकारों से रूबरू होते हुए मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि उनके दादा चौधरी बंसीलाल ने प्रदेश की तकदीर बदलने का काम किया। तमाम इलाके को पता है, इस क्षेत्र में पानी की किल्लत थी। उन्होंने लिफ्ट इरीगेशन योजना को लागू कर क्षेत्र को हरा भरा किया। उन्होंने बिजली, पानी, कृषि व हर क्षेत्र में काम किया। उन्होंने बताया कि 31 मार्च को भिवानी के तोशाम में मुख्यमंत्री सिंचाई मेले का उद्घाटन करेंगे। पंप हाउस का रिहैबिलिटेशन वर्ष 1997 के बाद अब नया बन रहा है, यह किसानों के लिए अच्छा कदम है, जो कि सीएम सैनी के नेतृत्व में होगा। कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई होगी उन्होंने कहा कि ईंधन के वैश्विक संकट के बीच केंद्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी को कम कर कीमतें बढ़ने से रोक है, ताकि कोई दिक्कत ना हो। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई होगी देश में पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पेट्रोल व एलपीजी स्थिति पर शुरू से ही हाई लेवल की मॉनिटरिंग की है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध के माहौल के सवाल पर भारत की स्थिति पर कहा कि भारत की नीति है कि शांति ही समाधान है हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़े हैं और सभी को उनके साथ खड़ा होना चाहिए।
———————– ये खबर भी पढ़ें…. पलवल कांग्रेस विधायक इसराइल का क्रॉस वोटिंग पर जवाब:बोले- समर्थकों के धक्कों का लिया हिसाब; टिकट विवाद से नाराजगी हरियाणा की सियासत में पलवल जिले की हथीन विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल एक बार फिर चर्चा में हैं। इसराइल ने कहा कि साल 2024 में मेरे समर्थकों को टिकट लेते समय धक्के लगे थे। अब बाद सही समय पर उन्होने ये फैसला लिया। (पूरी खबर पढ़ें)
मंत्री श्रुति चौधरी ने कांग्रेस को बताया हेड लेस चिकन:भिवानी में बोलीं-राज्यसभा चुनाव में बमुश्किल जान बची, होश संभालने में लगेगा समय
