पानीपत जिले के मतलौडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव भालसी के पास एक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अपने भाई के साथ थर्मल प्लांट में भंडारे का काम निपटाकर घर वापस लौट रहा था। थाना मतलौडा पुलिस ने शिकायत के आधार पर बस के अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और मौत का कारण बनने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बस की तलाश शुरू कर दी है। भंडारे का काम कर लौट रहे थे गांव अटावला के चांद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह हलवाई का काम करता है। उसके साथ उसका मामा का लड़का जगदीश (निवासी धनसौली) पिछले 10 वर्षों से मिलकर काम कर रहा था। 26 मार्च की रात करीब 8 बजे, दोनों भाई अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर थर्मल प्लांट में भंडारे की मिठाई बनाने का काम खत्म कर वापस गांव अटावला लौट रहे थे। लापरवाह बस ड्राइवर ने मारी टक्कर शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वे भालसी खेल स्टेडियम और महादेव ढाबा के पास पहुंचे, तो पीछे से पानीपत की तरफ से आ रही एक निजी बस (नंबर HR67E8980) के ड्राइवर ने बस को बेहद तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम हादसे में बाइक चला रहे जगदीश को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। पीछे बैठे चांद ने राहगीरों की मदद से लहूलुहान जगदीश को तुरंत भालसी के सहरावत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद बस ड्राइवर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
पानीपत में प्राइवेट बस की टक्कर से हलवाई की मौत:चचेरा भाई बाल-बाल बचा, थर्मल प्लांट में काम कर लौट रहे थे
