पत्नी ने कराई एयरफोर्स कर्मी पति की जासूसी:सोनीपत में बोला- ऑपरेशन सिंदूर के दौरान लीक हुई लोकेशन; कॉल डिटेल ट्रैस की

Spread the love

हरियाणा के सोनीपत जिले में भारतीय वायुसेना (IAF) के एक जवान ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। जवान ने आरोप लगाया है कि दांपत्य विवाद के चलते उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोग अवैध तरीके से उसकी लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) ट्रैक कर रहे हैं। गांव रोहणा निवासी विनय दहिया ने बताया कि वह वर्ष 2012 से भारतीय वायुसेना में कार्यरत हैं और वर्तमान में एयर फोर्स स्टेशन पठानकोट में तैनात हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी ज्योति, रोहतक निवासी साले दर्शन, रोहणा निवासी जयकरण और कुछ अन्य लोगों ने उनकी जानकारी या सहमति के बिना उनकी कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन हासिल कर उसका दुरुपयोग किया है। बोला- पत्नी व अन्य ने उसकी निजता भंग की विनय ने संदेह जताया कि अवैध तरीके से प्राप्त की गई इस जानकारी का उपयोग उनकी गतिविधियों पर नजर रखने और उनकी निजता का उल्लंघन करने के लिए किया जा रहा है। उनका यह भी आरोप है कि इस डेटा का इस्तेमाल उन्हें परेशान करने और कथित तौर पर रुपए ऐंठने के लिए किया जा रहा है। राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला बताया विनय दहिया ने इस मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि उनकी तैनाती संवेदनशील क्षेत्र में है और इस प्रकार की जानकारी का लीक होना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। उन्होंने बताया कि जिस दौरान उनकी लोकेशन और अन्य डेटा लिया गया, उस समय ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चल रहा था और वह पठानकोट में ड्यूटी पर थे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। खरखौदा थाने में केस दर्ज, जांच जारी थाना खरखौदा के प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रारंभिक जांच में निजता के हनन और राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे से जुड़े आरोपों के समर्थन में अभी तक कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।