करनाल जिला में घरौंडा की दीपचंद मंडी में दिनदहाड़े एक युवक पर चाकुओं से हमला करने का मामला सामने आया है। रास्ता रोककर किए गए इस हमले में युवक को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे पहले करनाल और फिर चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस को की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंडी में काम से गया था युवक
घरौंडा निवासी मोहित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसका चचेरा भाई राजीव ने बताया कि कल किसी काम से दीपचंद मंडी घरौंडा गया हुआ था। इसी दौरान भीष्म मार्ग घरौंडा निवासी गोल्डी ने अपने 5-6 साथियों के साथ मिलकर राजीव का रास्ता रोक लिया। इसके बाद सभी आरोपियों ने जान से मारने की नियत से उस पर चाकुओं से हमला कर दिया। कई वार किए गए, जिससे राजीव गंभीर रूप से घायल हो गया। भीड़ जुटी तो धमकी देकर भागे आरोपी
हमले के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा होने लगी। इसके बाद आरोपी अपने-अपने हथियार लेकर राजीव को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। घटना की जानकारी परिवार को दी गई, जिसके बाद तुरंत घायल को अस्पताल ले जाया गया। पहले करनाल फिर पीजीआई चंडीगढ़ किया गया रेफर
परिजनों ने घायल राजीव को इलाज के लिए पहले सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसे करनाल रेफर कर दिया। करनाल में हालत ज्यादा खराब होने पर डॉक्टरों ने उसे आगे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस को की है और पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर उमेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ रास्ता रोकने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। दूसरी पार्टी को थाने में बुलाया जाएगा। मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
करनाल में युवक पर चाकुओं से हमला:हालत गंभीर होने पर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर,5-6 साथियों संग गोल्डी ने रास्ता रोककर किया वार
