20 लाख रुपए लेने अगले दिन आई गुजरात की कार:पांच घंटे गुना में रही गाड़ी; निलंबित पुलिसकर्मियों ने कबूली रिश्वत लेने की बात

Spread the love

गुना जिले के रूठियाई चौकी क्षेत्र में 19 मार्च को गुजरात के व्यापारी की कार से 1 करोड़ रुपए पकड़ने और 20 लाख रुपए की रिश्वत लेने के मामले में नया खुलासा हुआ है। भास्कर के पास मौजूद पगारा टोल नाके की डिटेल के अनुसार, रिश्वत के 20 लाख रुपए वापस लेने के लिए व्यापारी की गाड़ी (GJ 05 RK 9351) 20 मार्च को 5 घंटे के लिए दोबारा गुना आई थी। निलंबित किए गए चारों पुलिसकर्मियों ने भी अधिकारियों के सामने कैश मिलने और पैसे लेने की बात कबूल कर ली है। इस मामले में लापरवाही बरतने पर पूर्व एसपी अंकित सोनी को हटा दिया गया है और सोमवार शाम नई एसपी आईपीएस हितिका वसल ने पदभार ग्रहण कर लिया है। 20 मार्च को 5 घंटे गुना में रही गाड़ी इस मामले में नेशनल हाईवे 46 पर स्थित पगारा टोल नाके की जानकारी सामने आई है। इसके अनुसार 20 मार्च को वही गाड़ी (GJ 05 RK 9351) दो बार पगारा टोल नाके से गुजरी। 20 मार्च को शाम 4:15 बजे गाड़ी टोल नाके से रूठियाई की तरफ आई थी। इसके बाद रात 9:29 बजे यह गाड़ी वापस टोल नाके से ब्यावरा की तरफ निकली। यानी गाड़ी लगभग 5 घंटे से ज्यादा रूठियाई और गुना इलाके में रही। टोल नाके पर इस गाड़ी का टोल कटा था, जिससे इसकी एंट्री की पुष्टि हुई है। इसी से संभावना जताई जा रही है कि घटना के अगले दिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें पैसे वापस करने के लिए बुलाया था। पैसे वापस लेकर वे लोग वापस गुजरात रवाना हो गए। निलंबित पुलिसकर्मियों ने कबूली पैसे लेने की बात सूत्रों के अनुसार, निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों ने जांच अधिकारियों के सामने यह स्वीकार कर लिया है कि चेकिंग के दौरान गाड़ी में कैश मिला था। पुलिसकर्मियों के इस कबूलनामे के बाद यह सवाल उठ रहा है कि यदि गाड़ी में 1 करोड़ रुपए जैसी बड़ी मात्रा में कैश था, तो वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ इनकम टैक्स (IT) विभाग को इसकी सूचना क्यों नहीं दी गई। फिलहाल मामले की जांच प्रशिक्षु आईपीएस आयुष जाखड़ कर रहे हैं। 19 मार्च की रात हुई थी डीलिंग, 4 पुलिसकर्मी हैं सस्पेंड बता दें कि 19 मार्च की रात रूठियाई चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान गुजरात जा रही एक कार को रोका गया था। कार में 1 करोड़ रुपए कैश था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने डीलिंग कर 20 लाख रुपए लेकर कार छोड़ दी। 20 मार्च को गुजरात से किसी आईपीएस का कॉल आने के बाद 20 लाख रुपए लौटाए गए। मामला सामने आने पर ग्वालियर डीआईजी अमित सांघी ने रूठियाई चौकी पहुंचकर जांच की और धरनावदा थाना प्रभारी एसआई प्रभात कटारे, एएसआई साजिद हुसैन, प्रधान आरक्षक देवेंद्र सिंह सिकरवार और आरक्षक सुंदर रमन की संदिग्ध भूमिका मानते हुए चारों को सस्पेंड कर दिया था। पूर्व एसपी अंकित सोनी हटे, नई एसपी हितिका वासल ने संभाला चार्ज इस पूरे मामले में लापरवाही बरतने पर पूर्व एसपी अंकित सोनी पर भी गाज गिरी। सीएम डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर उन्हें हटा दिया गया। एसपी पर आरोप है कि पैसों के लेनदेन में उनकी भूमिका भले ही न हो, लेकिन जानकारी लगने के बाद भी उन्होंने न तो वरिष्ठ अधिकारियों को बताया और न ही अपने मातहतों पर कोई कार्रवाई की। अंकित सोनी को हटाने के बाद इंदौर में पदस्थ आईपीएस हितिका वासल को गुना का नया एसपी बनाया गया है। सोमवार शाम गुना पहुंचकर उन्होंने एसपी ऑफिस में पदभार ग्रहण कर लिया है। एएसपी, एसडीओपी सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद उन्होंने जिले की स्थिति, कानून व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली की जानकारी ली। सवा दो साल में 18 IAS-IPS पर क्विक एक्शन यह कार्रवाई साफ संकेत है कि गंभीर चूक पर सरकार किसी भी स्तर पर ढील देने के मूड में नहीं है। दरअसल, 13 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से ही डॉ. यादव ने अपनी कार्यशैली में सख्ती का रुख अपनाया है। करीब सवा दो साल के कार्यकाल में उन्होंने अब तक 10 आईएएस व 8 आईपीएस अफसरों को कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। अब तक कम से कम 7 ऐसे बड़े मामले सामने आए हैं, जिनमें सीधे तौर पर कलेक्टर और एसपी स्तर के अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। पढ़ें पूरी खबर… यह खबर भी पढ़ें… गुना हवालाकांड: ASI ने कार रोकी, SI ने की डील गुना हवाला कांड में ग्वालियर डीआईजी अमित सांघी ने थाना प्रभारी सहित 4 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। 20 मार्च को गुजरात के एक आईपीएस के फोन कॉल के बाद पुलिसकर्मियों ने रिश्वत की रकम लौटा दी थी। पढ़ें पूरी खबर…