हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद कांग्रेस नेताओं की अदरुनी खींचतान अब सावर्जनिक मंच पर भी सामने आने लगी है। ऐसा ही एक मामला रविवार को पंचकूला में सामने आया, जहां बिश्नोई भवन में चौधरी भजनलाल की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम रखा गया था। इस कार्यक्रम में सांसद कुमारी सैलजा बतौर मुख्यातिथि और पंचकूला MLA चंद्रमोहन बतौर अध्यक्ष शामिल हुए। यहां पर कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष व MLA शैली चौधरी के पति रामकिशन गुर्जर भी आए थे। जब सैलजा कार्यक्रम से निकल रहीं थी तो सभी लोग एक लाइन में खड़े होकर अभिवादन कर रहे थे। जब रामकिशन गुर्जर के पास सैलजा पहुंची तो उन्होंने अचानक से मुंह फेर लिया। उनका अभिवादन तक स्वीकार नहीं किया और आगे निकल गईं। बता दें कि नारायणगढ़ विधायक शैली चौधरी का नाम उन पांच कांग्रेस विधायकों में शामिल है, जिन पर राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोप लगे है और पार्टी हाईकमान ने उन्हें शोकॉज नोटिस भेजा हुआ है। चुनाव के दो दिन बाद ही रामकिशन ने हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिस राजनीतिक गलियारों में चर्चा बना हुआ है। बता दें कि रामकिशन गुर्जर को कुमारी सैलजा का करीब बताया जाता है। मगर, सैलजा अब आरोप लगने के बाद उनसे किनारा कर रही हैं। चौधरी भजनलाल की प्रतिमा अनावरण के कुछ PHOTOS… पहले 3 जून 2025 को होना था प्रोग्राम बता दें कि इससे पहले प्रतिमा के अनावरण का यह प्रोग्राम 3 जून 2025 को पूर्व सीएम चौधरी भजनलाल की 14वीं पुण्यतिथि पर होना था, मगर अचानक सीएम सैनी का दौरा रद्द होने के कारण कार्यक्रम स्थगित हो गया। इस कार्यक्रम के लिए पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई और बेटे पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई सहित पूरा परिवार तैयारी में लगा था। लोगों को निमंत्रण भी दिए जा चुके थे। कुलदीप ने खुद इसकी कमान संभाल रखी थी। 5 जगह लग चुकी पूर्व CM की प्रतिमा बता दें कि, बिश्नोई परिवार पंचकूला के बिश्नोई मंदिर में भजनलाल की प्रतिमा स्थापित करके और मुख्यमंत्री से उद्घाटन करवाकर पूरे हरियाणा में मैसेज देने का प्रयास कर रहा था। मगर सीएम का दौरा रद्द होने के बाद कुलदीप को भी बिश्नोई सभा ने नजरअंदाज कर दिया। अब पंचकूला में पूर्व सीएम भजनलाल की छठीं प्रतिमा का अनावरण होगा। इससे पहले आदमपुर, राजस्थान के मुक्ति धाम मुकाम, जांभा, बिश्नोई मंदिर हिसार और गुरुग्राम स्मृति सदन में उनकी प्रतिमाएं लगाई जा चुकी हैं। रामकिशन गुर्जर कांग्रेस हाईकमान पर लगा चुके गंभीर आरोप … कांग्रेस में चल रही आंतरिक खींचतान इस्तीफा देने के बाद रामकिशन गुर्जर ने क्रॉस वोटिंग पर सफाई थी दी थी। अपने आवास पर पत्रकार वार्ता में कहा था कि हरियाणा राज्य बनने के बाद से उनका परिवार लगातार कांग्रेस से जुड़ा रहा है। पहले उनके पिता चुनाव लड़े और उसके बाद वे स्वयं और उनकी पत्नी शैली चौधरी चुनाव लड़ते रहे। उन्होंने हमेशा कांग्रेस पार्टी के साथ निष्ठा से काम किया, चाहे पार्टी सत्ता में रही हो या विपक्ष में। उन्होंने पार्टी के अंदर चल रही कलह को अपने इस्तीफे की बड़ी वजह बताया। कहा कि पिछले काफी समय से कांग्रेस में आंतरिक खींचतान चल रही है, जिसका खामियाजा जमीनी कार्यकर्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। जिस पार्टी में मान-सम्मान नहीं, वहां रहना उचित नहीं उन्होंने आरोप लगाया कि जब नायब सिंह सैनी मुख्यमंत्री बने और नारायणगढ़ में कार्यक्रम आयोजित हुआ, तब विधायक होने के नाते शैली चौधरी स्थानीय मुद्दे उठाने मंच पर गईं, लेकिन उसी समय पार्टी के भीतर उन्हें निशाना बनाकर निकालने की साजिश रची गई। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव के दौरान जानबूझकर शैली चौधरी का नाम विवाद में घसीटा गया, जिससे उन्हें गहरा आघात पहुंचा। गुर्जर ने कहा कि जिस पार्टी में सम्मान नहीं है और जहां नेता एक-दूसरे को नीचे गिराने में लगे हों, वहां रहना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस तरह का माहौल किसी भी नेता का राजनीतिक भविष्य खराब कर सकता है। गीता भुक्कल ने शैली चौधरी का नाम उछाला गुर्जर ने कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल पर भी निशाना साधा। आरोप लगाया कि भुक्कल ने सोशल मीडिया पर शैली चौधरी के खिलाफ अनर्गल बातें कही हैं। गुर्जर ने सवाल उठाया कि गीता भुक्कल ने किस आधार पर क्रॉस वोटिंग में शैली चौधरी का नाम लिया और क्या वे रिटर्निंग ऑफिसर हैं, जो इस तरह के आरोप लगा रही हैं। उन्होंने कहा कि बिना सबूत किसी पर आरोप लगाना गलत है। भुक्कल को अपने आरोप साबित करने होंगे। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर कोई झूठे आरोप लगाएगा तो उनके पास भी जवाब देने के लिए बहुत कुछ है, जिसे वे पहले भी पार्टी हाईकमान के सामने रख चुके हैं। पार्टी में उनकी बात नहीं सुनी जाती नारायणगढ़ के विकास को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई। गुर्जर ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने हमेशा उनका साथ दिया, लेकिन पार्टी के अंदर उनकी बात नहीं सुनी जाती, जिसके कारण वे अपने क्षेत्र के लिए अपेक्षित काम नहीं कर पा रहे थे। उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी है और आने वाले समय में अपने समर्थकों के साथ मिलकर क्षेत्रहित में राजनीतिक फैसला लेंगे। क्रॉस वोटिंग के आरोपों पर उन्होंने दोहराया कि जिन लोगों ने वोटिंग में गड़बड़ी की है, उनके नाम प्रमाण के साथ सामने लाए जाएं। बिना किसी ठोस आधार के किसी का नाम लेना गलत है। उन्होंने कांग्रेस की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी में अंदरूनी संघर्ष इतना बढ़ गया है कि कांग्रेस ही कांग्रेस के खिलाफ साजिशों का शिकार हो रही है। ———————- ये खबर भी पढ़ें…
हरियाणा में क्रॉस वोटिंग विवाद पर रामकिशन की सफाई:बोले- भुक्कल ने शैली का नाम उछाला, सबूत तो दें; CM के सचिव को बताया पुराना जानकार हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। इस विवाद में कांग्रेस ने अपने 4 विधायकों के नाम जारी कर दिए है। इसमें नारायणगढ़ से विधायक शैली चौधरी का नाम भी है, जिन्हें अब पार्टी ने शो-कॉज नोटिस जारी किया है। (पूरी खबर पढ़ें)
रामकिशन गुर्जर हाथ जोड़े खड़े रहे, सैलजा मुंह फेर निकलीं:पंचकूला में चौधरी भजनलाल की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में दिखी तल्खी; हाथ मसलते रह गए विधायक पति
