रोहतक जिले के महम निवासी एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना पाकर महम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस में रखवाया और परिजनों की शिकायत पर अज्ञात गाड़ी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया। मृतक की पहचान गांव भैणी सुरजन निवासी निकू सिवाच के रूप में हुई। मृतक के पिता रमेश कुमार ने बताया कि, उनका छोटा बेटा निकू पढ़ाई करता है और अपने दोस्त की बाइक लेकर रोहतक गया था। दोपहर बाद जब निकू वापस गांव लौट रहा था तो शाम के समय जीटी रोड गांव बलंभा मोड पर पीछे से आ रही गाड़ी ने टक्कर मार दी। रमेश कुमार ने बताया कि ड्राइवर तेज रफ्तार व लापरवाही से गाड़ी चला था, जिसने पीछे से टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। हादसे में निकू सड़क पर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घायल को पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। निकू के सिर में लगी गहरी चोट रमेश कुमार ने बताया कि गाड़ी ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी, जिसके कारण निकू सड़क पर सिर के बल गिरा और सिर में गंभीर चोट लगी। साथ ही शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट लगी, जिसके कारण निकू की मौत हुई है। जब वह अस्पताल पहुंचा तो निकू मृत हालत में मिला, जिसका शव डेड हाउस में रखवाया गया। पुलिस मामले में कर रही जांच महम थाना पुलिस ने बताया कि एक युवक की सड़क हादसे में मौत होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस पीजीआई पहुंची, जहां शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस में रखवाया। पुलिस घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
रोहतक में गाड़ी की टक्कर से युवक की मौत:दोस्त की बाइक लेकर गया, लौट रहा था घर, हादसे के बाद ड्राइवर फरार
