महेंद्रगढ़ में युवक का अपहरण कर बेरहमी से पीटा:पुलिस ने पांच आरोपी अरेस्ट किए, स्कॉर्पियो जब्त, पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद

Spread the love

हरियाणा के महेंद्रगढ़ में पैसे के लेनदेन को लेकर एक युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने युवक को उसके ही प्लॉट से अगवा किया और फिर एक गांव में ले जाकर पीटा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को स्कॉर्पियो गाड़ी सहित गिरफ्तार कर लिया है। शहर थाना पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। चामघेड़ा रोड निवासी प्रदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शनिवार सुबह करीब 9 बजे देवीलाल कॉलोनी स्थित अपने प्लॉट पर था। इसी दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में चार युवक आए। वे उसे प्लॉट के एक कमरे में ले गए और लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। भड़फ की ओर ले गए मारपीट के बाद आरोपी प्रदीप को स्कॉर्पियो में डालकर कनीना के गांव भड़फ की बनी ले गए। वहां भी उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। आरोपियों ने फिर अनिल नामक व्यक्ति को बुलाया और प्रदीप से जबरन कहलवाया कि वह अनिल के कोई पैसे नहीं मांगता। जान के डर से प्रदीप ने उनकी बात मान ली। लेना चाहते थे चेक इसके बाद आरोपी प्रदीप को उसके घर ले गए, जहां वे उससे परनोट और चेक लेना चाहते थे। एक आरोपी प्रदीप के साथ घर के अंदर गया, जबकि बाकी गाड़ी में इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को घटना की सूचना मिली। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी आरोपियों को स्कॉर्पियो गाड़ी सहित धर दबोचा। कंट्रोल रूम से मिली थी सूचना शहर थाना एसएचओ पवन कुमार ने बताया कि नारनौल कंट्रोल रूम से उन्हें प्रदीप के अपहरण की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल दो टीमों का गठन किया और पीसीआर नाकेबंदी करवाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को प्रदीप के घर के पास से गिरफ्तार कर लिया।