काशी के यूपी कॉलेज में BSC छात्र की हत्या:क्लास के बाहर 4 गोली मारी; इकलौते बेटे की लाश देख मां बेहोश; हंगामा, तोड़फोड़

Spread the love

वाराणसी के यूपी कॉलेज परिसर में दिनदहाड़े बीएससी छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने क्लासरूम के बाहर छात्र पर 4 गोलियां चलाईं, जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। गोलियों की आवाज सुनकर जब दोस्त दौड़कर पहुंचे, तो आरोपी ने उन पर भी पिस्टल तान दी। इसके बाद वह पिस्टल कूड़े के ढेर में फेंककर फरार हो गया। वारदात के बाद कॉलेज में अफरा-तफरी मच गई। टीचर और छात्र मौके पर पहुंचे। घायल छात्र को आनन-फानन में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना शुक्रवार दोपहर कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के बाहर हुई। इधर, हत्या के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। कैंपस के अंदर कुर्सियां तोड़ दीं। बाहर दुकानों में भी तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने कॉलेज के गेट बंद कर दिए। आसपास की 150 से अधिक दुकानों को बंद करा दिया। फिलहाल परिसर में सात थानों की पुलिस फोर्स तैनात है। छात्र की मौत की सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा। मां लाश देखकर बेहोश हो गईं, जिन्हें परिजनों ने संभाला। साथी छात्र भी गेट के बाहर दहाड़ मारकर रोते नजर आए। एक छात्र बार-बार कहता रहा, “हमके हमार भाई चाही।” मृतक की पहचान गाजीपुर के रहने वाले 23 साल के सूर्य प्रताप सिंह के रूप में हुई है। वह घर का इकलौता बेटा था। 20 दिन पहले उसे चेचक निकल आई थी, जिस कारण वह कॉलेज नहीं आ रहा था। ठीक होने के बाद वह आज ही कॉलेज पहुंचा था। वहीं, आरोपी मंजीत बीए सेकेंड ईयर का छात्र बताया जा रहा है और वाराणसी के चांदमारी इलाके का रहने वाला है। वारदात की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। वारदात से जुड़ी हुई तस्वीरें देखिए…

छात्र की हत्या से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…