सोनीपत बस स्टैंड पर भी मिला संदिग्ध कैमरा:पिछले गेट के सूखे पेड़ पर टेप से चिपकाया; लोगों ने देख बुलाई पुलिस

Spread the love

सोनीपत शहर में संदिग्ध कैमरों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुख्य बस अड्डे पर भी एक संदिग्ध कैमरा मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। शहर के व्यस्त सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह के कैमरों की मौजूदगी ने आम लोगों की सुरक्षा और निजता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है, लेकिन कैमरा किसने लगाया और इसका कनेक्शन कहां जुड़ा है, यह अब तक रहस्य बना हुआ है।
बस अड्डे के पिछले गेट पर भी मिला कैमरा सोनीपत के मुख्य बस अड्डे के पिछले गेट पर एक संदिग्ध कैमरा लगा हुआ मिला है। यह कैमरा एक सूखे पेड़ पर टेप के सहारे चिपकाया गया था, जिसे देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर मिले इस कैमरे का लिंक कहां जुड़ा हुआ है, इस बारे में फिलहाल किसी को कोई जानकारी नहीं है। यह कैमरा लाइव रिकॉर्डिंग कर रहा था या सिर्फ स्टोरेज के लिए लगाया गया था, इसकी भी जांच की जा रही है। जांच में जुटी पुलिस सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल इस मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट करने की बात कही है। रेलवे स्टेशन पर भी मिल चुका गौरतलब है कि इससे पहले सोनीपत रेलवे स्टेशन के पास भी एक पोल पर संदिग्ध कैमरा मिला था। अब बस अड्डे पर कैमरा मिलने से यह मामला और भी गंभीर हो गया है और किसी बड़ी साजिश की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। लगातार सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह के कैमरे मिलने से आम लोगों में डर और चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को मामले में जल्द से जल्द सच्चाई सामने लानी चाहिए, ताकि शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।