यमुनानगर सड़क हादसे में UP के युवक की मौत:छोटे भाईयों के सामने कार ने कुचला, काम से आया था

Spread the love

यमुनानगर में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के युवक की उसके ही भाई के सामने तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब तीनों भाई अपने काम से लौट रहे थे, तभी लापरवाही से चलाई जा रही कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान गांव बरथाकोरसी, थाना बेहट, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के अमित कुमार(36) पुत्र महिंद्र सिंह के रूप में हुई है। बुडिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीनों भाई वापिस जा रहे थे मृतक के भाई संजय कुमार ने पुलिस को बताया कि वह खेती-बाड़ी का काम करता है। बुधवार को वह अपने भाई राजेन्द्र सिंह के साथ निजी काम से गांव मंडौली आया हुआ था, उसी दौरान उसका बड़ा भाई अमित कुमार भी अपनी बाइक लेकर वहां पहुंच गया। काम खत्म करने के बाद तीनों अपनी-अपनी बाइकों पर मंडौली से जगाधरी के लिए रवाना हो गए। अमित कुमार अपनी बाइक पर सबसे आगे चल रहा था, जबकि संजय कुमार और राजेंद्र एक दूसरी मोटरसाइकिल पर पीछे चल रहे थे। स्विफ्ट डिजायर कार ने मारी टक्कर जब वे गांव दमोपुरा कलां के पास पहुंचे, तभी पीछे से एक तेज रफ्तार सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार ड्राइवर ने लापरवाही और गफलत से चलाते हुए पहले संजय की मोटरसाइकिल को तेजी से क्रॉस किया और फिर आगे चल रहे अमित कुमार की मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अमित कुमार बाइक सहित सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। संजय कुमार ने तुरंत अपनी बाइक रोकी और भाई को संभाला, तो देखा कि उसके नाक से खून बह रहा था। इसी बीच कार चालक भी कुछ देर के लिए रुका, लेकिन लोगों को इकट्ठा होता देख मौके से फरार हो गया। इलाज के दौरान तोड़ा दम इसके बाद मौके पर एम्बुलेंस पहुंची और राहगीरों की मदद से घायल अमित कुमार को सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान लगी गंभीर चोटों के कारण अमित कुमार की मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया और आरोपी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।