यूपी के सहारनपुर में एक लाख का इनामी बदमाश शहजाद एनकाउंटर में ढेर हो गया है। उसकी उम्र 40 साल थी और पेशेवर तरीके से गोवंश की हत्या करता था। मुठभेड़ में 2 सिपाही भी घायल हुए हैं। यह मुठभेड़ मिर्जापुर थाना इलाके के शेरपुर गांव में मंगलवार शाम करीब 3 बजे हुई। मिर्जापुर और फतेहपुर थाने की पुलिस ने शहजाद को घेर लिया था। उसे सरेंडर करने को कहा, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में दो सिपाही सोमेंद्र और कुलदीप घायल हो गए। दोनों के हाथ में गोली लगी है। इसके बाद पुलिस ने भी शहजाद को जवाब दिया। शहजाद गोली लगने से घायल हो गया और वह गिर पड़ा। उसे तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घायल दोनों सिपाहियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डीआईजी अभिषेक सिंह सिपाहियों से मिलने पहुंचे। उन्होंने एक सिपाही के कंधे पर हाथ रखकर उसे शाबाशी दी। शहजाद पर गोकशी-गैंगस्टर समेत 44 मुकदमे दर्ज हैं। वह सहारनपुर के थाना फतेहपुर क्षेत्र के गांव गंदेवडा का रहने वाला था। 3 फोटो देखिए… डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया- शहजाद एक शातिर और पेशेवर गोकश था। वह कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। शहजाद के खिलाफ सहारनपुर जिले के विभिन्न थानों में करीब 44 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। इनमें गोकशी, गैंगस्टर समेत कई गंभीर अपराध शामिल बताए जा रहे हैं। खबर अपडेट की जा रही है।
यूपी में गोवंश काटने का आरोपी शहजाद एनकाउंटर में ढेर:एक लाख का इनामी था; 2 सिपाही घायल; DIG ने शाबाशी दी
