करनाल में युवक की संदिग्ध मौत:परिजनों ने लगाया गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप; मेडिकल संचालक पर FIR

Spread the love

करनाल जिले के निगदु क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। परिजनों का आरोप है कि मेडिकल संचालक ने बिना जांच किए इंजेक्शन लगा दिया, जिससे युवक की हालत अचानक बिगड़ गई और मौके पर ही गिर पड़ा। बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव बीर बडालवा निवासी जगिन्द्र कौर पत्नी लक्खा सिंह ने बताया कि 17 मार्च की रात करीब 8 बजे उसके बेटे कुलवंत सिंह की अचानक तबीयत खराब हो गई। वह उसे बाइक पर बैठाकर निगदु स्थित गुरुकृपा मेडिकल पर दवाई लेने गई। आरोप है कि वहां मौजूद मोहित ने बिना जांच किए ही कुलवंत को इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगते ही गिरा युवक
जगिन्द्र कौर के अनुसार, जब वह पानी लेने बाहर गई हुई थी, उसी दौरान इंजेक्शन लगाया गया। इंजेक्शन लगते ही कुलवंत सिंह दुकान में लगे सोफे पर गिर गया। उसने तुरंत इंजेक्शन रोकने को कहा, लेकिन तब तक आधे से ज्यादा इंजेक्शन लगाया जा चुका था। हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया
आरोप है कि युवक की हालत बिगड़ती देख मोहित उसे अपनी बाइक पर कहीं ले गया और थोड़ी देर बाद वापस लेकर आया। इसके बाद एक गाड़ी बुलाकर दोनों को कुरुक्षेत्र के अग्रवाल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कुलवंत को मृत घोषित कर दिया और शव घर ले जाने को कहा। आरोपी मौके से फरार, केस दर्ज
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद मोहित उन्हें छोड़कर भाग गया। शिकायत के आधार पर थाना निगदु पुलिस ने मोहित (गुरुकृपा मेडिकल) के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।