‘संकल्प से समाधान’ कैंप में 200 से अधिक आवेदन:भिंड कलेक्टर ने लहार में पेंशन-अतिक्रमण की समस्याएं सुनी; नया बस स्टैंड पूरा करने की मांग

Spread the love

लहार नगर के बस स्टैंड पर ‘संकल्प से समाधान’ शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें भिंड कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा मुख्य रूप से शामिल हुए। इस शिविर के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे लोगों तक पहुंचाई गई और उनकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं। कुल 200 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई का तुरंत समाधान कर दिया गया। शेष आवेदनों को लेकर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस दौरान सबसे ज्यादा आवेदन राजस्व विभाग और पेंशन केसों को लेकर प्राप्त हुए। इसके अलावा पंचायत विभाग और शासकीय जमीनों पर अतिक्रमण को लेकर भी प्राप्त हुए। जिनके निराकरण के निर्देश कलेक्टर ने लहार एसडीएम विजय सिंह यादव को दिए। 31 मार्च तक चलेगा यह विशेष अभियान कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने बताया कि जिले में सुशासन और पारदर्शिता लाने के लिए यह अभियान 12 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक चार चरणों में चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य विकासखंड स्तर पर शिविर लगाकर पात्र लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का समय पर लाभ दिलाना है। इससे हितग्राहियों को अपने काम के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। नए बस स्टैंड को शुरू करने की मांग शिविर के दौरान सामाजिक क्रांति ऑटो टमटम मोर्चा ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर लहार के नए बस स्टैंड का मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग की कि लंबे समय से अधूरा पड़ा नया बस स्टैंड जल्द से जल्द सुचारू रूप से शुरू किया जाए। वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद इस महत्वपूर्ण आयोजन में जिला पंचायत सीईओ वीरसिंह चौहान, एसडीएम विजय सिंह यादव, सीएमएचओ डॉ. जगत सिंह यादव और तहसीलदार दीपक शुक्ला सहित तमाम विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।