गुरुग्राम में फर्रुखनगर-गुरुग्राम रोड पर बाईपास के पास सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक अपनी बाइक पर अस्पताल जा रहा था, तभी एक तेज रफ्तार मिक्सर ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गौरव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के पहाड़पुर का निवासी था और वर्तमान में फर्रुखनगर की बालाजी कॉलोनी में रहता था। गौरव अपनी मां को खाना देने के लिए एसजीटी अस्पताल जा रहा था। वह होंडा साइन बाइक पर सवार था। तेज रफ्तार ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार, फर्रुखनगर-गुरुग्राम रोड पर बाईपास के पास एक तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे मिक्सर ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक चालक युवक को कुछ दूर तक घसीटता ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक मौके से फरार
घटना की सूचना मिलते ही ईआरवी टीम मौके पर पहुंची। तब तक किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा घायल को अस्पताल ले जाया जा चुका था। पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बाइक और टक्कर मारने वाले ट्रक को कब्जे में ले लिया। ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
बाद में मृतक के जीजा सुनील कुमार, जो झज्जर जिले के कुतानी गांव के निवासी हैं, ने थाने पहुंचकर घटना की पुष्टि करते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
गुरुग्राम में ट्रक-बाइक की टक्कर में युवक की मौत:अस्पताल में भर्ती मां को खाना देने जा रहा था; काफी दूर तक घसीटता ले गया
