हरियाणा विधानसभा बजट सत्र के दौरान राज्यसभा चुनाव को लेकर हंगामा होने के आसार हैं। क्रॉस वोटिंग को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों आमने सामने हो सकते हैं। हालांकि सदन की कार्यवाही की शुरुआत सुबह 11.00 बजे प्रश्नकाल के साथ होगी। प्रश्नकाल में कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट सहित बीस विधायकों ने सवाल लगाए हैं। इसमें सिंचाई, लोक निर्माण, जन स्वास्थ्य जैसे मुद्दे सदन में विधायकों के द्वारा उठाए जाएंगे। सदन में विधायी कार्यों के साथ बजट पर चर्चा भी होगी। चर्चा के दौरान भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक एक दूसरे के आमने सामने हो सकते हैं। यहां पढ़िए प्रश्नकाल में क्या पूछे जाएंगे सवाल… जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने सरकार द्वारा नगर पालिका जुलाना के चेयरमैन के विरुद्ध भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाएंगी। वहीं यमुनानगर से विधायक घनश्याम दास यमुनानगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में शहर से बाहर पंचकूला, यमुनानगर राजमार्ग या किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर ट्रांसपोर्ट क्षेत्र विकसित करने का कोई प्रस्ताव को लेकर सवाल पूछेंगे। वहीं साढौरा से विधायक रेनू बाला विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के ब्लॉक व्यासपुर में रिंग रोड के निर्माण करने को लेकर सवाल पूछेंगी। रेवाड़ी से बीजेपी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव रेवाड़ी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की ग्राम पंचायत आकेड़ा तथा घटाल महनियावास में तरल अपशिष्ट जल प्रबंधन संयंत्र का निर्माण करने को लेकर सवाल पूछेंगे। वहीं लोहारू से विधायक राजबीर फरटिया राज्य में किसानों को बाजरा के लिए ₹2775 प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य के अतिरिक्त ₹575 प्रति क्विंटल की भावांतर भरपाई राशि देने की घोषणा का मुद्दा उठाएंगे असंध से विधायक योगीन्द्र सिंह राणा असंध विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाली कई नहर, रजबाह के जीर्ण-शीर्ण को लेकर सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी से सवाल पूछेंगे। वहीं फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस विधायक मामन खान नूंह में नशे से हुई मौतों का मुद्दा सदन में उठाएंगे। इनके अलावा रतिया से कांग्रेस विधायक सरदार जरनैल सिंह शहर में शेष सीवरेज प्रणाली बिछाने लगाने का कोई प्रस्ताव को लेकर सवाल पूछेंगे। नारनौंद से कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ नलवा से रणधीर पनिहार राज्य में पक्की नहरों की खालों के री-मॉडलिंग तथा पुनर्निर्माण को लेकर सवाल पूछेंगे। वहीं आदमपुर से कांग्रेस विधायक चंद्रप्रकाश सिंचाई चैनलों के अंतिम छोर तक नहरी पानी की आपूर्ति करने के लिए सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं को लेकर सवाल करेंगे। एक दिन पहले शोक सिर्फ शोक प्रस्ताव पढ़े गए हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में एक दिन पहले सोमवार को सिर्फ शोक प्रस्ताव ही पढ़े गए। इसके बाद सदन की कार्यवाही आज सुबह 11 बजे के लिए स्थगित कर दी गई थी।
हरियाणा विधानसभा में गूंजेगा राज्यसभा चुनाव का मुद्दा:क्रॉस वोटिंग को लेकर हंगामे के आसार, प्रश्नकाल से शुरुआत; बजट पर होगी चर्चा
