गुप्तार घाट में मिली लाश की पहचान सोमवार देर शाम कोहना थानाक्षेत्र के रानी का बगीचा निवासी 29 वर्षीय सिद्धार्थ के रूप में हुई। सिद्धार्थ 12 मार्च को दोस्तों के साथ घूमने निकला था। गंगा बैराज में नहाने के दौरान वह डूब गया था, जिसके बाद सोमवार सुबह उसका शव गुप्तार घाट के किनारे पड़ा मिला। कुत्तों का झुंड शव को नोच कर खा रहे थे, यह देख घाट किनारे मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची फीलखाना पुलिस ने मामले की जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसीपी कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह गुप्तार घाट किनारे एक शव मिला था, जिसे कुत्ते नोंच कर खा रहे थे। शव पूरी तरह से सड़ चुका था। पुलिस ने मामले की जांच कर शव की शिनाख्त न होने पर सोशल मीडिया का सहारा लिया। फिर वायरल फोटो के आधार पर शाम को कोहना थाना क्षेत्र के रानी का बगीचा में रहने वाला परिवार फीलखाना थाने पहुंचे और शव की शिनाख्त 29 वर्षीय सिद्धार्थ के रूप में की। परिजनों के मुताबिक, 12 मार्च दोस्तों के साथ घूमने निकला सिद्धार्थ गंगा स्नान के दौरान डूब गया था। गोताखोरों ने उसकी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं लग पाया था। एसीपी कोतवाली ने बताया कि शव की शिनाख्त परिजनों ने कर ली है। गुप्तार घाट में मिला शव डिकंपोज हो गया था।
कानपुर में गंगा किनारे मिले शव की हुई पहचान:दोस्तों संग घूमने निकला युवक 4 दिन पहले गंगा बैराज में डूबा था
