गुरुग्राम में टोल के पास चलती कार में लगी आग:मालिक ने धुआं निकलता देख सड़क किनारे रोकी; बाहर निकला

Spread the love

गुरुग्राम जिले के सोहना एलिवेटेड रोड पर घामडोज टोल प्लाजा के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई। सड़क से गुजर रहे लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। यह घटना उस समय हुई, जब शोभित खन्ना नामक युवक कार चलाकर सोहना से गुरुग्राम की ओर जा रहा था। कार से धुआं निकलते देख शोभित ने सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को तुरंत सड़क किनारे घामडोज टोल प्लाजा के पास रोका और समय रहते बाहर निकल गया। इसके कुछ ही पलों में आग तेजी से फैल गई और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। शॉर्ट सर्किट की आशंका सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। फायर ब्रिगेड कर्मियों के अनुसार, शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक कार काफी हद तक जल चुकी थी। यातायात प्रभावित, जांच जारी घटना के कारण सोहना रोड स्थित घामडोज टोल पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। गनीमत रही कि ड्राइवर समय रहते कार से बाहर निकलने में सफल रहा, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीमें मामले की आगे की जांच कर रही हैं।