गाजियाबाद में छुट्‌टी नहीं देने पर बैंक मैनेजर की हत्या:ऑफिस के अंदर गार्ड ने सीने में गोली मारी, राइफल लेकर भागा

Spread the love

गाजियाबाद में पंजाब एंड सिंध बैंक के मैनेजर अभिषेक शर्मा (34 साल) की सोमवार को गार्ड ने गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह बिहार में पटना के रहने वाले थे। गार्ड कई दिनों से मैनेजर अभिषेक से छुट्‌टी मांग रहा था। गार्ड रवींद्र सोमवार दोपहर करीब 1:45 बजे मैनेजर के पास पहुंचा। जहां छुट्‌टी को लेकर अभिषेक शर्मा से उसका विवाद हो गया। इसी बीच रवींद्र ने बंदूक से उनकी छाती पर गोली मार दी। अभिषेक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। बैंक में फायरिंग से लोग दहशत में आ गए। इसी बीच आरोपी गार्ड अपने एक अन्य साथी के साथ मौके से भाग निकला। बैंक स्टाफ ने मैनेजर को बाइक से दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना से जुड़ा बैंक के गेट का एक CCTV सामने आया है, जिसमें गार्ड अपने साथी के साथ दिख रहा था। उसके भागने के कुछ मिनट बाद बैंक मैनेजर को लोग उठाकर ले जाते दिखे। वारदात लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बलराम नगर इलाके की है। ACP ज्ञान प्रकाश राय ने बताया, आरोपी गार्ड बागपत का रहने वाला है। काफी समय से छुट्टी को लेकर मैनेजर अभिषेक शर्मा से विवाद था। इसके चलते उसने यह घटना अंजाम दी। आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगा दी हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 3 विजुअल देखिए… गाजियाबाद में पत्नी के साथ रहते थे अभिषेक
बैंक मैनेजर अभिषेक शर्मा बिहार में पटना के लखीपुर के रहने वाले थे। अगस्त, 2025 से वह गाजियाबाद में पत्नी के साथ किराए पर रह रहे थे। घटना की जानकारी पत्नी को दी गई है। आर्मी से रिटायर्ड है आरोपी गार्ड
पुलिस के अनुसार, गार्ड रवींद्र हुड्डा 2018 में आर्मी से रिटार्यड हुआ था। वह बागपत के मंसूरपुर गांव का रहने वाला है। रवींद्र की तीन महीने पहले पंजाब एंड सिंध बैंक में नौकरी लगी थी। सोमवार सुबह वह ड्यूटी पर नहीं आया तो बैंक मैनेजर ने उसे फोन किया। ड्यूटी पर न आने का कारण पूछते हुए फटकार लगाई थी। अभिषेक ने यह भी कहा कि तुरंत बैंक आओ। रवींद्र गुस्से में दोपहर डेढ़ बजे अपने एक साथी के साथ बाइक से बैंक पहुंचा। उसने अपने साथी को बैंक के बाहर खड़ा कर दिया। उसने बैंक में जमा बंदूक ली। इसके बाद वह सीधे बैंक मैनेजर के पास पहुंचकर झगड़ने लगा। घटना के समय बैंक में मैनेजर समेत पांच कर्मचारी काम कर रहे थे। जब तक अन्य कर्मचारी कुछ समझ पाते, तब तक गार्ड ने मैनेजर के सीने में गोली मार दी। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया- हाफ पैंट और टीशर्ट में आया था गार्ड
प्रत्यक्षदर्शी आरएन पांडेय ने बताया, मैं भी बैंक आया था। अंदर जा ही रहा था, तभी गोली चलने की आवाज सुनाई दी तो रुक गया। तभी एक व्यक्ति, जो हाफ पैंट और टीशर्ट में था, वह बाहर आया। उसके एक हाथ में बंदूक थी। उसके साथ एक और व्यक्ति भी था, जो कुर्ता-पैंट और सिर पर पगड़ी पहने था। दोनों बड़े आराम से बैंक से बाहर निकले। मेन रोड पर एक बाइक खड़ी थी। दोनों उसी बाइक से भाग निकले। बैंक के कर्मी मैनेजर को उठाकर बाहर लेकर आए थे। फॉरेसिंक टीम मौके पर पहुंची
DCP सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया- फॉरेसिंक टीम मौके पर पहुंच गई है। घटनास्थल का मौका मुआयना किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। गाजियाबाद ग्रामीण जोन के पुलिस उपायुक्त सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने बताया- पंजाब एंड सिंध बैंक में तैनात गार्ड की बंदूक बैंक में ही जमा थी। गार्ड ने वहीं से बंदूक वापस लेकर बैंक मैनेजर अभिषेक को गोली मार दी। दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। ……………. ये खबर भी पढ़िए… स्टंटबाजी में 12वीं के छात्र की मौत, VIDEO:लखनऊ में बुलेट-स्कूटी की भीषण टक्कर, छात्र उछलकर डिवाइडर पर गिरा
लखनऊ में बाइक रेसिंग में 12वीं के छात्र की जान चली गई। जनेश्वर मिश्र पार्क के पास बुलेट और कावासाकी बाइक सवार रेस लगा रहे थे। तभी सामने स्कूटी आ गई। स्कूटी से टकराने के बाद बुलेट डिवाइडर से जा भिड़ी। बुलेट सवार 12वीं का छात्र उछलकर डिवाइडर से टकराकर। उसका सिर फट गया। हादसे के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। कावासाकी सवार लड़के ने लोगों की मदद से बुलेट सवार दोस्त को अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पढ़ें पूरी खबर…