हरियाणा में आज 10वीं एवं डीएलएड की परीक्षा:2.89 लाख परीक्षार्थी देंगे एग्जाम, अब तक 220 नकलची पकड़े गए

Spread the love

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) द्वारा सोमवार को 10वीं एवं डीएलएड की परीक्षा ली जाएगी। 16 मार्च को संचालित होने वाली सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) सामाजिक विज्ञान तथा डीएलएड (रि-अपीयर) की परीक्षा में 2 लाख 89 हजार 264 परीक्षार्थी/छात्र-अध्यापक शामिल होंगे। शिक्षा बोर्ड द्वारा ली जा रही बोर्ड परीक्षाओं (10वीं एवं 12वीं कक्षा की परीक्षाओं) में अब तक कुल 220 परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े जा चुके हैं। हालांकि शिक्षा बोर्ड ने नकल रहित परीक्षा करवाने के लिए दावा किया गया था। इसके अलावा ड्यूटी में कोताही बरतने पर 43 कर्मचारियों को कार्यभार मुक्त भी किया जा चुका है। बता दें कि सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की वार्षिक परीक्षाओं के लिए प्रदेशभर में करीब 1431 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर लगभग 5 लाख 66 हजार 411 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हो रहे हैं। जिसमें 2 लाख 96 हजार 593 लड़के व 2 लाख 69 हजार 818 लड़कियां शामिल हैं। 10वीं कक्षा की अंतिम परीक्षा 20 मार्च को व 12वीं कक्षा की अंतिम परीक्षा 1 अप्रैल को आयोजित की जाएगी।