कुरुक्षेत्र में बैंक कर्मी की मौत:कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला शव, यूपी का रहने वाला, रिश्ते की चल रही थी बात

Spread the love

कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में बैंक कर्मी की अचानक मौत हो गई। सुबह उसका शव बैंक के ऊपर बने कमरे से बरामद हुआ। कर्मी रात ठीक-ठाक सोया था। वह सुबह कमरे से बाहर नहीं आया, तो उसके साथी ने दरवाजा खोलकर देखा। उसने तुरंत मामले की सूचना पुलिस और कर्मी के परिवार को दी। मृतक की पहचान संदीप कुमार (34) निवासी गांव खेड़की जिला शामली (यूपी) के रूप में हुई है। संदीप बंधन बैंक में LSO (लोन ऑफिसर) था और करीब 6 महीने पहले ट्रांसफर होकर बंधन बैंक की पिहोवा ब्रांच में आया था। इससे पहले संदीप की ड्यूटी करनाल ब्रांच में हुआ करती थी। सुबह अचानक मिली सूचना विकास कुमार ने बताया कि उसका भाई संदीप चार भाई और 2 बहनों में सबसे छोटा था। घर पर उसके रिश्ते की बात चल रही थी। आज सुबह करीब 8 बजे उसके भाई के साथ बैंक में काम करने वाले अतुल ने संदीप की अचानक तबीयत खराब होने की सूचना दी। वह तुरंत अपने परिवार के साथ मौके पर पहुंचा। चारपाई पर मिला मृत वे संदीप के कमरे में आए तो चारपाई पर उसका शव पड़ा था। संदीप अपने साथी अतुल और नरेश कुमार के साथ बैंक के ऊपर की बिल्डिंग में बने कमरे में रहता था। उसके भाई को हार्ट की कुछ परेशानी चल रही थी और उसका अस्पताल से इलाज चल रहा था। उसे अपने भाई की मौत में किसी पर कोई शक नहीं है। हार्ट फेल होने की आशंका- दिलबाग सिंह उधर, थाना सिटी पिहोवा में तैनात ASI दिलबाग सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में संदीप की मौत दिल का दौरा पड़ने से होने की आशंका है। पुलिस ने उसके भाई के बयान पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया। पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह साफ होगी।